सीएम के क्षेत्र में पहुंचे दिग्विजय सिंह, किसानों से बात कर जानी समस्याएं

सीएम के क्षेत्र में पहुंचे दिग्विजय सिंह, किसानों से बात कर जानी समस्याएं

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुधनी के कई गांवों में पहुंचे और किसानों की समस्याओं को जाना। सिंह ने ग्राम गरेठिया दांगी, सागोनी, बरखेड़ा, बरोड़ी, सेमरी का दौरा किया। किसानों ने शिकायत की कि उन्हे 2018-19 में हुए फसलों के नुकसान की फसल बीमा राशि का भुगतान नहीं हुआ। दिग्विजय सिंह ने पीएस कृषि को पत्र लिखकर फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की है। उन्होंने सीएम को भी पत्र लिखकर कहा है कि मैंने 3 जून को बैरसिया के गेहूं उपार्जन केन्द्रों का दौरा किया था। गुनगा एवं धमर्रा में जिन किसानों को एसएमएस प्राप्त हो चुके हैं, उनकी उपज की तुलाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने सीएस को पत्र लिखकर किसानों की ओवर ड्यू राशि केसीसी से न काटने का आग्रह किया है।