दिग्विजय सिंह सीएम निवास साइकिल से जाएंगे ज्ञापन देने

भोपाल। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस द्वारा बुधवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया जाएगा। मंगलवार को विधायक पीसी शर्मा तथा आरिफ मसूद के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मूल्यवृद्धि वापस लेने की मांग की गई। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 11 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय रोशनपुरा से साइकिल से ज्ञापन देने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 74 बंगला स्थित निवास जाएंगे। दिग्विजय सिंह शाम 5 बजे कमलानगर थाने के पास हलवा-हलवी समाज भवन में राशन सामग्री वितरण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उधर, प्रदेश कांग्रेस द्वारा पेट्रोल- डीजल की मूल्य वृद्धि के खिलाफ जिला, ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन कर कलेक्टर और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। टैक्स में रियायत की मांग: दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि लॉकडाउन में छोटे बस आॅपरेटरों की माली हालत खराब हो गई है। वह किश्तें नहीं भर पा रहे हैं। उन्होंने पत्र में लिखा है कि राजस्थान सरकार द्वारा लॉकडाउन अवधि में मोटर व्हीकल टैक्स में छूट दी गई है। इसी तरह मप्र सरकार भी टैक्स में छूट दे।