शराबी बंदर ‘कलुआ’ ने 250 लोगों को काटा,अब ताउम्र रहेगा जेल में

शराबी बंदर ‘कलुआ’ ने 250 लोगों को काटा,अब ताउम्र रहेगा जेल में

कानपुर। इंसानों को सजा उम्रकैद तो सुनी होंगी। लेकिन हैरानी जरूर होगी कि एक बंदर को भी उम्र कैद की सजा सुनाई गई है। यह बंदर जेल में बंद है और ताउम्र इसे सलाखों के पीछे बिताना है। दरअसल 250 से अधिक लोगों को काट चुके इस बंदर को यह सजा मिली है, जो अपनी सजा कानपुर प्राणी उद्यान में काट रहा है। कानपुर प्राणी उद्यान के अस्पताल परिसर में पिंजड़े में बंद इस बंदर का नाम कलुआ है। इसे मिर्जापुर से पकड़ कर यहां लाया गया है। मिर्जापुर में यह बंदर आतंक का पर्याय बन गया था। आलम यह था कि सरकारी आंकड़ों में इसने ढाई सौ से अधिक लोगों को काटा। इसमें एक शख्स की मौत भी हो गई थी। बंदर के बढ़ते आतंक के चलते इसको पकड़ने के लिए वन विभाग और चिड़ियाघर की टीम लगाई गई। काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने बंदर को पकड़ने में कामयाबी हासिल की।