राज्यसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्रियों, सीएम सहित 200 लोगों के संपर्क में आए थे सकलेचा

राज्यसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्रियों, सीएम सहित 200 लोगों के संपर्क में आए थे सकलेचा

भोपाल। जावद से भाजपा विधायक ओमप्रकाश सकलेचा और उनकी पत्नी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद भाजपा के कई विधायकों और पदाधिकारियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। राज्यसभा चुनाव के दौरान 17 से 19 जून के बीच सकलेचा प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठकों, लंच और डिनर में शामिल हुए थे। मतदान के दौरान भी कई विधायक उनके संपर्क में आए। जानकारी के अनुसार, जावद (नीमच) में उनके घर के पास एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद सकलेचा पत्नी के साथ फार्म हाउस में रहने चले गए थे। वहां लोगों से मिलते रहे, कंटेनमेंट एरिया में भी गए। 16 जून को भोपाल आ गए थे। इधर, विधानसभा सचिवालय ने फुटेज चेक किए हैं। संबंधित विधायकों और लोगों से कहा है कि वे अपनी जांच करा लें। भाजपा प्रदेश कार्यालय को किया सेनेटाइज: भाजपा प्रदेश कार्यालय को शनिवार को सेनेटाइज किया गया। पार्टी ने विधायकों एवं पदाधिकारियों से कहा है कि जो लोग उनके संपर्क में आए हैं, जांच करा लें। वहीं एहतियात के तौर पर सकलेचा की माताजी और उनके भाई ने भी शनिवार को जांच के लिए सैंपल दिए। यह लोग प्रोफेसर कॉलोनी में रहते हैं।