सुबह रिमझिम फुहारों से वातावरण में घुली ठंडक

Weather

सुबह रिमझिम फुहारों से वातावरण में घुली ठंडक

ग्वालियर। शहर में शनिवार को सुबह बारिश की रिमझिम फुहारों ने मौसम में ठंडक घोल दी। जिससे शहरवासियों को सुबह से शाम तक गर्मी व उमस से राहत मिलती रही। महानगर में पिछले दिनों से बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ने लगा था और शुक्रवार को यही तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, लेकिन शनिवार की सुबह हुई रिमझिम फुहारों से तापमान एकाएक 4.1 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार शहर आसमान में हल्के स्थानीय बादल बने हुए हैं, लेकिन जिस कम दबाव के क्षेत्र के कारण तेज बारिश होती है वह हरियाणा और पंजाब की ओर बढ़ रहा है, इसलिए शहर में बादल छट गए हैं और मानसून कमजोर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान ग्वालियर-चंबल संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं दतिया व श्योपुरकलां जिले में भारी वर्षा की संभालवा है। मौसम विज्ञान अनुसंधान केंद्र थाटीपुर ग्वालियर के प्रभारी अधिकारी सीके उपाध्याय के अनुसार मध्य प्रदेश में पूरी तरह तरह मानसून ने अपनी पहुंच बना ली है, लेकिन ग्वालियर सहित संभाग के क्षेत्र में मानसूनी बादल कुछ कमजोर हुए हैं। मौजूदा समय में दक्षिण-पश्चिम उत्तर भारत व राजस्थान को पार करते हुए पाकिस्तान में सीमा जा पहुंचा है। वहीं राजस्थान से लेकर बिहार होते हुए छत्तीसगढ़ तक द्रोणिका बनी हुई है, जिसेस बारिश की संभावना भी बनी हुई है। इसके कारण संभाग में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अंचल में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है। मौसम विभाग ने शनिवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम था व न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था।