लॉकडाउन का पहला दिन : सड़कों पर पसरा सन्नाटा, दूध, किराना सामान और पेट्रोल के लिए परेशान हुए लोग

लॉकडाउन का पहला दिन : सड़कों पर पसरा सन्नाटा, दूध, किराना सामान और पेट्रोल के लिए परेशान हुए लोग

भोपाल। भोपाल में 10 दिन के टोटल लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान नाम मात्र के वाहन ही सड़कों पर दिखे। शासकीय अधिकारी- कर्मचारी और इमरजेंसी सेवा वाले व्यक्ति ही अपने वाहनों से सड़कों पर निकले। इधर, पुलिस ने भी हर चौराहों पर जांच कर खासी सख्ती दिखाई। लोग दूध, सब्जी और पेट्रोल तक के लिए परेशान होते रहे। पुलिस की सख्ती सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक ही देखने मिली। इसके बाद शाम 6 बजे तक पुलिस गायब रही, नतीजा सड़कों पर वाहनों की तादाद बढ़ गई। इसके बाद शाम 7 बजे से फिर से सख्ती देखने को मिली और करीब 1 बजे तक जारी रही। इधर, दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक दो पहिया वाहनों पर लोग अपने घरों से निकले और अस्पताल में परिजनों को देखने जाने का बहाना बनाते तफरीह कर वापस लौट गए। जिले में केवल सांची पार्लर ही खुले होने से लोगों को दूध और किराना का सामान लेने के लिए भटकना पड़ा। कॉलोनियों में सब्जी बेचने के लिए नगर निगम के वाहन भी नहीं पहुंचे। इक्का-दुक्का ठेले वालों ने सुबह 8 बजे से 10 बजे तक सब्जी बेची। इसके बाद वह भी कार्रवाई के डर से अपने-अपने घर चले गए। कुछ क्षेत्रों में सब्जी के ठेले वालों को पुलिस द्वारा भी घर रवाना कराया गया। इस दौरान अवधपुरी इलाके समेत कई इलाकों के पेट्रोल पंप बंद रहे। इस कारण लोग पेट्रोल के लिए परेशान होते रहे। इधर, सवारी आॅटो और ई-रिक्शा न चलने के कारण ट्रेनों से आए लोग भी परेशान रहे।