आधे घंटे की बारिश ने दी राहत दिन भर छाए रहे बादल

आधे घंटे की बारिश ने दी राहत दिन भर छाए रहे बादल

जबलपुर । सुबह से आसमान में छाए बादलों ने दोपहर बाद बरसना शुरू किया। करीब आधे घंटे बारिश ने लोगों को काफी राहत दी। हालाकि बादलों की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि बारिश लगातार होगी मगर आधे घंटे ही बरस कर फिर बरसात रुक गई। उमस लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही है। वहीं लगातार बारिश का इंतजार अभी भी कायम है। रात 8.30 बजे तक 14.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। शहर में मानसून ने बेहद धीमी गति से दस्तक दी है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में उत्तरी उड़ीसा के ऊपर समुद्र तल से 0.9 किमी,7.6 किमी ऊंचाई के मध्य और दक्षिणी गुजरात के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किमी -5.8 किमी ऊंचाई के मध्य चक्रवातीय परिसंचरण फैले हुए हैं। टर्फ लाइन पंजाब तथा दक्षिणी उत्तर प्रदेश से होते हुए उत्तरी उड़ीसा तक विस्तृत है। वहीं मध्य पश्चिमी अरब सागर में भी 1.5 किमी से 5.8 किमी ऊंचाई के बीच चक्रवातीय घेरा परिसंचरित है। इन सभी परिस्थितियों में मध्य प्रदेश,उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के कुछ और क्षेत्रों में अगले 24 घंटों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

ऐसा रहा सोमवार को मौसम का मिजाज

सोमवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। आर्द्रता 80 प्रतिशत रही। सूर्योदय सुबह 5.26 व सूर्यास्त शाम 6.59 पर हुआ। हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी 5 किमी प्रति घंटे की गति से रही। पूर्वानुमान में संभाग के कुछ जिलों में वर्षा व गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई गई है।