देशभर में एक दिन में सबसे ज्यादा 9910 संक्रमित बढ़े , महाराष्ट्र में रिकार्ड 123 मौतें

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 17 हजार 389 हो गई। देश में गुरुवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 9910 नए मामले सामने आए। इससे पहले बुधवार को भी 9638 मरीज मिले। अब महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 77 हजार और दिल्ली में 25 हजार के पार पहुंच गई है। अच्छी बात यह है कि देशभर में अब तक 1,07,484 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 1,06,737 एक्टिव केस हैं और अब तक 6,223 लोगों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 123 लोगों की मौत की खबर है। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। राज्य में अब तक कोरोना से 2587 लोगों की जान जा चुकी है।
महाराष्ट्र: अभी तक 30 पुलिसकर्मियों की मौत
महाराष्ट्र में कोविड-19 से अभी तक एक पुलिस अधिकारी सहित 30 पुलिसकर्मी जान गंवा चुके हैं, जबकि 2,500 से अधिक कर्मी संक्रमित मिले हैं। एक अधिकारी ने बताया कि जान गंवाने वाले 30 पुलिसकर्मियों में से 18 मुंबई पुलिस बल में कार्यरत थे।
चीन से आगे निकला पाक 85000 हुए संक्रमित
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मामले गुरुवार को चीन से अधिक हो गए। पाकिस्तान में 24 घंटे में 4,688 नए मामले मिलने के बाद देश में संक्रमण के मामले 85,246 हो गए। अब कोरोना संक्रमण की देशों सूची में पाक 17 वें स्थान पर आ गया है।
जिन देशों में पहले कम थे केस, अब बन रहे हॉटस्पॉट
दुनिया के हर कोने में नए हॉट स्पॉट रोज बन रहे हैं। अब कोरोना उन देशों में फैल रहा है जिनमें उसका असर कम रहा था। दुनिया भर में रोजाना 1 लाख से ज्यादा लोग पॉजिटिव मिल रहे हैं। जिन देशों में कोरोना के केस घटने लगे थे वहां अब केस फिर बढ़ रहे हैं।
देश में 7वें नंबर पर आया मध्यप्रदेश
भोपाल। कोरोना संक्रमण को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में वीडियो कांफ्रेंस कर स्थिति और व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा की। इसमें उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण में निरंतर कमी के चलते मप्र अब देश में 7वें स्थान पर आ गया है। पहले मप्र देश में 6वें स्थान पर और उप्र 7वें स्थान पर था। पूरे देश की तुलना में मप्र में लगभग 2 प्रतिशत नए संक्रमित मरीज पाए गए, जबकि पहले ये 8 प्रतिशत तक था। उन्होंने बताया कि गुरुवार को प्रदेश में कोरोना के 174 नए पॉजीटिव प्रकरण आए हैं, वहीं देश में यह संख्या 9304 है। हमारी कोरोना रिकवरी रेट 64.3 प्रतिशत है, जबकि भारत की 47.9 प्रतिशत है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्र, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित अन्य लोग मौजूद थे।