आग लगने से घर का सामान जल गया , अब पाइप ही हमारा घर

भोपाल । लॉकडाउन से एक दिन पहले हमारे घर में आग लग गई थी। हम इमामी गेट के पास किराए से रहते थे। हमारा इस दुनिया में कोई नहीं है। आग में हमारा सब कुछ जल गया है। अब हमारे पास कुछ भी नहीं बचा। हमारे कपड़े, जरूरी दस्तावेज, परमिट और गैस कांड के कागजात जल गए। इतने पैसे भी नहीं थे, कि हम कहीं पर किराए से मकान ले सकते। मैं और मेरी पत्नी दोनों बाहर घूम रहे थे। अचानक एक दिन हमारी नजर इस पाइप पर पड़ी। हम दोनों ने अपना बचा सामान इसमें रखा और तब से यहीं रह रहे हैं। यह कहना है मुन्ना लाल का, जो अपनी पत्नी साजन बाई के साथ रेतघाट के पास पड़े पाइप में रहते हैं। उन्होंने बताया कि जब बारिश होती है, तो हम सामने शेड के नीचे चले जाते हैं। दिन में यहां पर खाना बनाते और खाते हैं। अब यही हमारी दुनिया है। हम करें भी तो क्या। हमारे पास कुछ भी नहीं बचा। हम चाहते हैं कि कोई हमें काम दे, तो हम वह काम कर लेंगे।