13वीं मौत के साथ 309 पर पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा 5 नए पॉजिटिव आए सामने

जबलपुर । कोरोना के खाते में शनिवार को फिर एक मौत दर्ज हो गई। पाटन निवासी 70 वर्षीय वृद्धा की मौत के बाद आंकड़ा 13 पर पहुंच गया है। 5 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं और इस तरह अब तक 309 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 9 लोगों को अस्पतालोां से छुट्टी दी गई है, स्वस्थ होने के बाद अब तक 238 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। एक्टिव केस 58 हैं, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में आइसोलेट किया गया है। मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब से 50 सैम्पल की रिपोर्ट्स में 3 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें पाटन निवासी 70 वर्षीय महिला शामिल हैं। जिन्हें शुक्रवार को सुबह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, कुछ देर बाद 11 बजे उनकी मौत हो गई। मृत्यु के बाद वृद्धा का सैम्पल लिया गया, जो पॉजिटिव पाया गया। मृतक महिला के 50 वर्षीय पुत्र भी संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा रामनगर अमेखरा वार्ड निवासी 58 वर्षीय महिला, तमरहाई चौक कोतवाली वार्ड निवासी 62 वर्षीय तथा नई बस्ती बड़ा कुंआ गोहलपुर निवासी 53 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
बैंक अधिकारी को नहीं किया शामिल
पंजाब नेशनल बैंक दिल्ली में पदस्थ एक अधिकारी 11 जून को विमान से जबलपुर पहुंचे थे। इसी दिन लिए गए उनका सैम्पल भी पॉजिटिव आया था। दिल्ली से संक्रमित होकर आए बैंक अधिकारी को जबलपुर के संक्रमितों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। स्टेट पोर्टल पर जबलपुर के संक्रमितों से उनका नाम अलग कर दिया गया है।
डिस्चार्ज हुए 9 लोगों को किया गया क्वारेंटाइन
कोरोना से स्वस्थ होने पर सुख सागर कोविड केयर सेंटर से 7 तथा जिला अस्पताल विक्टोरिया के कोविड वार्ड से दो व्यक्तियों को डिस्चार्ज किया गया है। सुखसागर से डिस्चार्ज किए गए लोगों में दो महिलाएं तथा पांच पुरूष शामिल हैं। ये सभी छोटी ओमती भरतीपुर के निवासी हैं। इन्हें कोविड केयर सेंटर से सुख सागर क्वारेंटाइन सेंटर में शिट किया गया है। इसी तरह जिला अस्पताल से डिस्चार्ज 35 वर्षीय महिला तथा 9 साल के बालक को भी डिस्चार्ज उपरांत 7 दिन के लिए क्वारेंटाइन किया गया है।
संक्रमण की चेन तोड़ने आज फिर लॉकडाउन
अनलॉक-1 के तहत दी गई छूट में 14 जून रविवार को विराम लगाने संबंधी आदेश के तहत लॉकडाउन रहेगा। कलेक्टर भरत यादव द्वारा जारी आदेश के तहत नगर निगम सीमा के अतंर्गत आने वाले क्षेत्र में दो पहिया, चार पहिया वाहनों का संचालन पूर्णत: बंद रहेगा। पूर्व की तरह तमाम बाजार तथा दुकानें बंद रहेंगी। राशन दुकान, मिष्ठान, दूध, फल, सब्जी, मांस, मछली, अण्डा, मेडिकल स्टोर्स, पेट्रोल पम्प, गैस एजेंसी आदि से होम डिलीवरी के व्यवस्था की जाएगी। होटल तथा रेस्टॉरेन्ट को भी होम डिलीवरी की छूट रहेगी। बाइक तथा कार के सर्विस सेंटर भी खुल सकेंगे। जिनकी शादी पूर्व से 14 जून के लिए तय है, उन्हें इस प्रतिबंध से छूट मिलेगी। केवल 50 व्यक्ति ही वर-वधु सहित शादी में शामिल हो सकेंगे। आवश्यक सेवा वाले वाहन नगर निगम, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, विद्युत, मीडिया, दूर संचार, नगर सैनिक, आपदा प्रबंधन, पेयजल आदि से संबंधित ड्यूटीरत कर्मियों को परिचय पत्र के आधार पर छूट मिलेगी। रेल्वे स्टेशन पर जाने तथा वहां से आने के लिए निजी वाहन, आॅटो रिक्शा, टैक्सी आदि को यात्रियों के टिकट के आधार पर छूट प्रदान की जाएगी। 15 जून को पूर्व की भांति सभी गतिविधियां संचालित होंगी।