इकबाल सिंह बैंस प्रदेश के नए मुख्य सचिव

इकबाल सिंह बैंस प्रदेश के नए मुख्य सचिव

भोपाल। राजस्व मंडल के अध्यक्ष इकबाल सिंह बैंस को मध्यप्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। राज्य शासन द्वारा आदेश जारी होने के कुछ देर बाद उन्होंने वर्तमान मुख्य सचिव एम.गोपाल रेड्डी से कार्यभार संभाला। रेड्डी महज सात दिन ही सीएस रहे। कांग्रेस सरकार के गिरने और प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बनते ही शिवराज सिंह चौहान ने 14 घंटे के अंदर मुख्य सचिव बदल दिया। मंगलवार को राज्य शासन ने दोपहर 12 बजे के पहले अपर मुख्य सचिव और अध्यक्ष राजस्व मंडल इकबाल सिंह बैंस को प्रदेश का प्रशासनिक मुखिया बना दिया गया। उल्लेखनीय है कि बैंस, मुख्यमंत्री चौहान के पसंदीदा अधिकारियों में प्रमुख माने जाते हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की कमान दी गई थी। उनके नाम पर आनंद मंत्रालय के गठन का भी श्रेय जाता है। आनंद मंत्रालय को कांगे्रस की सरकार ने बनते ही बंद कर दिया गया और इसके स्थान पर आध्यात्म विभाग बनाया गया। वर्ष 1985 बैच के आईएएस इकबाल सिंह बैंस के पास 30 से अधिक वर्षों का प्रशासनिक अनुभव है।

कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे

इकबाल सिंह बैंस एक ईमानदार और सख्त प्रशासक माने जाते हैं। उन्होंने कलेक्टर और कमिश्नर रहते कई नवाचार किए। उन्हें किसी भी सरकार में अच्छे पदों पर बैठाया गया। कलेक्टर सीहोर, भोपाल, कमिश्नर आबकारी, मुख्य मंत्री के सचिव, प्रमुख सचिव, प्रमुख सचिव ऊर्जा, चेयरमेन माध्यमिक शिक्षा मंडल, अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, एसीएस उद्यानिकी और अध्यक्ष राजस्व मंडल।