तूफान की जद में मप्र...भोपाल समेत कई जिलों में हो सकती है भारी बारिश

तूफान की जद में मप्र...भोपाल समेत कई जिलों में हो सकती है भारी बारिश

मुंबई  ।कोविड-19 महामारी से जूझ रही मुंबई पर चक्रवात निसर्ग का खतरा मंडरा रहा है। अरब सागर से उठा यह डीप डिप्रेशन बुधवार को महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंचेगा। यह रायगढ़ के हरिहरेश्वर और दमण के बीच अलीबाग के पास 110 किमी की रफ्तार  से टकरा सकता है। यहां से यह उत्तर में मुंबई, पालघर होते हुए दक्षिण गुजरात की ओर बढ़ेगा। दोनों ही प्रदेशों के तटीय इलाकों को अलर्ट कर दिया गया है। ‘निसर्ग’ असर मप्र में भी देखने को मिलेगा। मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अजय कुमार शुक्ला के मुताबिक इससे 3 और 4 जून को इंदौर, उज्जैन संभाग के 15 जिलों के अलावा भोपाल में भी भारी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है। मुंबई के लिए यह सदी का पहला और सबसे बड़ा तूफान हो सकता है। मौसम विभाग के साइक्लोन ई-एटलस के मुताबिक इससे पहले 1891 में महाराष्ट्र के तटीय इलाके के आसपास साइक्लोन आया था।

महाराष्ट्र में परमाणु रिएक्टर्स पर खतरा

निसर्ग से न्यूक्लियर और केमिकल प्लान्ट्स को खतरा है। पालघर में देश का सबसे पुराना तारापुर एटॉमिक पॉवर कॉम्प्लेक्स और कई अन्य यूनिट्स भी हैं। मुंबई में भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर का भी सेटअप है। यह सब इसकी जद में हैं।

 तैयारी : NDRF की 34 टीमें लगीं 

गुजरात-महाराष्ट्र में एनडीआरएफ की 34 टीमें तैनात गुजरात के तटीय जिलों में 80 हजार लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचा दिया गया है। मुंबई, गोवा और पोरबंदर के नेवल एयर स्टेशन पर हेलीकॉप्टर भी तैयार रखे गए हैं।

 धार में 13 सेमी बारिश, भोपाल में 6 डिग्री गिरा दिन का तापमान 

चक्रवात निसर्ग का असर मंगलवार को मप्र में दिखा। धार में13 सेमी बारिश हुई। भोपाल में दिन भर बादल छाए रहने और ठंडी  हवाओं  के चलने से तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे गिरकर 34.4 डिग्री पर आ गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 से 72 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। राजधानी में तापमान और कम हो सकता है।

 हर शहर में गिरा पारा

इंदौर            29.8     20.4 

ग्वालियर      38.5     23.6 

जबलपुर       32.4     25.0 

रीवा           34.0      21.8