महाराष्ट्र: भाजपा के 125 उम्मीदवार घोषित

मुंबई। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार महाराष्ट्र भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में भाजपा ने 125 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इस लिस्ट में पार्टी के दिग्गज नेताओं के नाम भी शामिल किए गए हैं। सीएम देवेंद्र फडणवीस दक्षिण पश्चिम नागपुर की सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं भाजपा प्रदेश प्रमुख चंद्रकांत पाटिल को पार्टी ने कोथरुड सीट से उतारा है। परली से पंकजा मुंडे को पार्टी ने टिकट दिया है। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक भाजपा ने पहली सूची में 52 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया है। वहीं 12 मौजूदा विधायकों का पार्टी ने टिकट भी काट दिया है। भाजपा द्वारा जारी की गई पहली सूची में उन नेताओं को भी टिकट मिला है जो अन्य पार्टियों का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राधाकृष्ण विखे पाटिल को पार्टी ने शिर्डी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं मंत्री गिरीश महाजन जामनेर से चुनाव लड़ेंगे। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को मतदान और 24 अक्टूबर को मतगणना की तारीख तय की है।
फर्जी हलफनामा केस में कोर्ट ने खारिज की सीएम को मिली क्लीनचिट
इधर मुख्यमंत्री फडणवीस को झटका देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने दो लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी कथित रूप से मुहैया नहीं कराने के मामले में बंबई हाईकोर्ट का आदेश निरस्त कर दिया और भाजपा नेता को मामले में सुनवाई का सामना करने का आदेश दिया। कोर्ट ने सतीश यूकी की याचिका पर यह आदेश दिया। कोर्ट ने मामले में 23 जुलाई को फैसला सुरक्षित रखते हुए कहा था कि फडणवीस द्वारा 2014 में चुनाव के समय हलफनामे में दो आपराधिक मामलों की जानकारी नहीं देने की भूल चूक के बारे में निचली अदालत निर्णय ले सकती है।