चीन को पीछे छोड़ने की तैयारी में महाराष्ट्र, 80 हजार से ऊपर पॉजिटिव, 2849 मौतें

नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस के मरीजों के मामले में महाराष्ट 80 हजार से ज्यादा मामलों के साथ पहले नंबर पर है। राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या का ये आंकड़ा जल्द ही एक ऐसे नंबर को छू लेगा, जिसकी शायद किसी भारतीय को उम्मीद नहीं थी। महाराष्ट, चीन के 84,000 मरीजों के कुल आंकड़े के एकदम नजदीक है। तमिलनाडु, गुजरात और दिल्ली अन्य ऐसे राज्य हैं, जो कोरोना मरीजों की संख्या के मामले में सबसे ऊपर हैं। महाराष्ट में शनिवार को कोरोना मरीजों की संख्या 80,229 तक पहुंच गई। राज्य में इस बीमारी से 2,849 लोगों ने जान गंवाई है। ये देश में किसी भी राज्य में कोरोनावायरस की वजह से मरने वालों की सबसे बड़ी संख्या है। हालांकि 35,156 मरीज राज्य में कोरोनावायरस से ठीक भी हो चुके है। दिल्ली में 26 हजार मरीज: दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या शनिवार को 26,334 पर पहुंच गई। राजधानी में बीमारी से अब तक 10,315 मरीज ठीक भी हो चुके हैं, वहीं 708 लोगों ने कोरोनावायरस बीमारी के चलते यहां जान गंवाई है।
भारत इटली को पीछे छोड़ कोविड-19 में सबसे अधिक प्रभावित 6वां देश बना
भारत इटली को पीछे छोड़कर कोरोना महामारी से सबसे बुरी तरह से प्रभावित दुनिया का छठा देश बन गया है। देश में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 9,887 नए मरीज सामने आने के साथ ही कोविड-19 के मामले बढ़कर 2,36,657 हो गए हैं। भारत में शनिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में कोरोना से 294 मरीजों ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतक संख्या 6,642 हो गई है।
6 दिन में जांच के लिए 66 नई लैब खोलीं
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 2 लाख 37 हजार 395 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि पिछले 6 दिनों में कोरोना की जांच के लिए ने 66 नई लैब खोली गई हैं। इनमें 48 सरकारी और 18 निजी लैब हैं। अब इनमें हर दिन 10 हजार से ज्यादा सैंपल की जांच हो सकेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1 लाख 37 हजार 938 सैंपल की जांच की गई। अब तक देश में 45 लाख 24 हजार 317 लोगों का कोरोना संक्रमण के टेस्ट हो चुके हंै।