बाजार, मॉल, कॉम्पलेक्स, मंदिर आज रहेंगे बंद, आंशिक लॉक डाउन रहेगा
Corona

ग्वालियर। कोरोना के बढ़ते हुए कहर और उसकी चेन को तोड़ने के लिए रविवार को नगर निगम सीमा क्षेत्र में सभी प्रकार के बाजार, काम्पलेक्स, मॉल, मंदिर बंद रहेंगे जबकि दूध, अंडा, टोस्ट, ब्रेड की दुकानें सुबह छह बजे से सिर्फ चार घंटे के लिए खुलेंगी। हॉस्पिटल, नर्सिंग होम के अंदर स्थित मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे लेकिन बाजारों के मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने रविवार को आंशिक लॉक डाउन घोषित किया है। धारा 144 के अन्तर्गत कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने आदेश को नए सिरे से परिमार्जित करते हुए जारी किया है। दाल बाजार, लोहिया बाजार, सराफा बाजार, फालका बाजार, दौलतगंज जैसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक गतिविधि वाले बाजार वे लश्कर में हों या ग्वालियर अथवा मुरार वे सभी रविवार को बंद रखे जाएंगे। आदेश की नाफरमानी करने वालों के ऊपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आंशिक लॉक डाउन का आदेश शहर के सभी मॉल, शापिंग कॉम्पलेक्स पर भी प्रभावी रहेगा।
पूजा स्थल भी बंद रहेंगे
कलेक्टर ने रविवार के लिए पूजा स्थलों को बंद रखने का आदेश दिया है लेकिन संयोगवश खंडग्रास सूर्यग्रहण के चलते शनिवार रात्रि से सूतक चालू होने से मठ, मंदिर, सभी जगह पट स्वत: बंद हो जाएंगे। इसलिए धार्मिक स्थलों पर विशेष असर नहीं होगा। हालांकि ग्रहण के मोक्षकाल के बाद भी यह मठ, मंदिर, नहीं खुलेंगे। रविवार को पूरे समय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
आवश्यक चीजें मिलेंगी
आदेश के तहत अत्यावश्यक वस्तुएं जैसे दूध, ब्रेड, टोस्ट, अंडा की दुकानें सुबह छह बजे से सुबह दस बजे तक खुली रखी जाएंगी। इसी तरह हॉस्पिटल, नर्सिंग होम के अंदर संचालित होने वाले मेडिकल स्टोर भी खुले रहेंगे। लेकिन अगर कहीं बाजार में मेडिकल स्टोर हैं तो उन्हें बंद रखना होगा। मिठाई की दुकानें तथा होटल, रेस्टॉरेंट पूर्व की तरह संचालित होंगे। शासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए रविवार को आंशिक लॉक डाउन घोषित किया है। यह आदेश आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियां खुलेंगी
रविवार को शहर में संचालित हो रहे प्रमुख 13 पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियां अपनी गतिविधिया करेंगे, साथ ही होम डिलेवरी वाली सेवाएं भी जारी रहेंगी। यह सेवाएं भी रात्रि नौ बजे तक पूर्ववत रहेंगी।