विधायक बोले-कार्यकर्ताओं की नाराजगी स्वाभाविक है

विधायक बोले-कार्यकर्ताओं की नाराजगी स्वाभाविक है

भोपाल। शिवराज मंत्रिमंडल में कई पूर्व मंत्रियों और वरिष्ठ विधायकों को शामिल नहीं किए जाने पर उनके समर्थकों में नाराजगी है। समर्थक सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक पर विरोध जता रहे हैं। हालांकि ये विधायक इसे कार्यकर्ताओं की नाराजगी की स्वाभाविक अभिव्यक्ति बता रहे हैं। उनका कहना है यह तात्कालिक नाराजगी थी और उनके कहने पर कार्यकर्ता मान गए हैं। इसके साथ ही इन नेताओं ने कहा कि संगठन का निर्णय उन्हें स्वीकार है। उनका कहना है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने जो निर्णय लिया है, वह कुछ सोच समझकर ही लिया होगा। शुक्रवार को सागर में विधायक शैलेंद्र जैन के समर्थकों ने तालाब में अर्धनग्न होकर सत्याग्रह किया। इसी तरह सागर के नरियावली से भाजपा विधायक प्रदीप लारिया के समर्थकों ने भी भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में नारेबाजी की। पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल के समर्थक विंध्य व्यापारी प्रकोष्ठ ने रीवा में प्रदर्शन किया। इससे पहले इंदौर विधायक रमेश मेंदोला के समर्थकों ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में धरना दिया था। इस दौरान एक कार्यकर्ता ने आत्मदाह का प्रयास भी किया था। रायसेन से पूर्व मंत्री रामपाल सिंह के समर्थकों ने नारेबाजी की। इसके अलावा गायत्री राजे पवार, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, मंदसौर विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया के समर्थक भी अपनी नाराजगी जता चुके हैं।