रायपुर पहुंचा मानसून अगले 2-3 दिनों में होगी झमाझम

जबलपुर । गर्मी व उमस से बेचैन लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मानसून छत्तीसगढ़ के रायपुर तक पहुंच चुका है। अगले 48 घंटों में शहर में भी बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून दक्षिणी मप्र से प्रवेश होगा। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में एक चक्रवात है तथा उड़ीसा के ऊपर जो एक चक्रवात है से द्रोणिका बनी हुई है। जो राजस्थान से लेकर पश्चिम मप्र में भी कम दबाव बना है। हवा की दिशा शाम को परिवर्तित हुई है जो कि अब उत्तर पूर्वी हो गई है। जिसके कारण अनुकूल संभावनाएं बढ़ी हैं। आने वाले 3 दिनों में संभाग के अनेक स्थानों में गरज- चमक के साथ बारिश हो सकती है। मुश्किल से कट रहे दिन-रात फिलहाल पड़ रही दिन में गर्मी व रात की उमस ने लोगों को बेचैन कर रखा है। पल-पल मुश्किल में बीत रहा है। ऐसे में सभी मानसून की राह तक रहे हैं। 10जून से होने वाली प्री मानसूनी वर्षा भी लापता है। अब मौसम के नए गणित के हिसाब से दो दिन बाद डायरेक्ट मानसून ही सक्रिय हो जाएगा।
ऐसा रहा शुक्रवार को मौसम का मिजाज
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री रहा जो कि सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता 64 प्रतिशत रही। सूर्योदय सुबह 5.24 व सूर्यास्त शाम 6.57 बजे हुआ। हवाओं की गति 4 किमी प्रतिघंटे दक्षिण पूर्वी रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में देर रात बूंदाबांदी शुरू हो सकती है जो रविवार तक तेज वर्षा में तब्दील होगी।