संभाग में पहुंचा मानसून,लेकिन सिस्टम के कमजोर पड़ने से अब 19 के बाद हो सकती है बारिश

भोपाल। मानसून भोपाल के आसपास के जिलों तक पहुंच चुका है। हालांकि सिस्टम के कमजोर पड़ने से मानसून ठिठक गया है, इसके 19 जून तक आगे बढ़ने की उम्मीद है। मानसून भले ही राजधानी से कुछ किमी दूर पर हो लेकिन संभाग आ चुका है और हर शाम बारिश जारी है। मंगलवार सुबह से धूप खिली। तापमान भी 38 डिग्री पहुंचा, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने लगे। शाम को बादल घने हो गए और तेज हवाएं चलने के साथ ही बारिश शुरू हो गई। इस दौरान शहर में 4.8 मिली मीटर बारिश हुई, जबकि बैरागढ़ आॅब्जरवेटरी में 3.4 मिली मीटर बारिश हुई। सिस्टम कमजोर : मौसम वैज्ञानिक उदय सरवटे और साह के अनुसार प्रदेश में सिस्टम नहीं है। अरब सागर का प्रभाव खत्म हो गया है। जो सिस्टम प्रदेश में था वह भी यूपी चला गया। 19 जून से फिर बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर बनने से मानसून को गति मिलेगी। इसके बाद मानसून की बारिश हो सकती है।