भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम के दौरान सांसद साध्वी हुई बेहोश

भोपाल। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। शुगर लेबल बढ़ने के कारण उन्हें चक्कर आ गया था। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदर्शनी लगाई गई थी, जिसका शुभारंभ करने सीएम शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। सीएम के संबोधन के बीच साध्वी को चक्कर आ गया और वो बेहोश होकर गिर गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला। कुछ देर तक कार्यालय में कुर्सी पर लेटे रहने के बाद साध्वी प्रज्ञा को होश आया, जिसके बाद उनके कार्यकर्ता उन्हें घर ले गए। साध्वी प्रज्ञा काफी समय से दिल्ली में भर्ती थीं। उन्होंने वीडियो संदेश के जरिए कहा था कि उनकी हालत ठीक नहीं है। उन्हें एक आंख से दिखना बंद हो गया है।