निसर्ग... 120 की रफ्तार से अलीबाग में टकराने के बाद कम पड़ी रफ्तार, भोपाल समेत मप्र के 9 जिलों में बारिश

नई दिल्ली। अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान निसर्ग बुधवार दोपहर 120 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अलीबाग के तट से टकराया था। मुंबई में इसके असर के चलते बारिश के साथ ही तमाम पेड़ उखड़ गए। कुछ घरों की छतें उड़ीं, होर्डिंग्स गिर गए। हालांकि उतना नुकसान नहीं हुआ, जिसकी आशंका थी। दोपहर बाद तूफान की रफ्तार कम पड़ गई और यह शाम 6:30 बजे रायगढ़ और पुणे पहुंचा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ घंटों में तूफान कमजोर पड़ जाएगा। इधर, निसर्ग का असर मध्यप्रदेश के 9 जिलों में दिखा। इससे भोपाल, बालाघाट, खरगोन, खंडवा, इंदौर, होशंगाबाद, पचगढ़ी और बड़वानी में बारिश हुई।
रत्नागिरि में जहाज फंसा, मुंबई में प्लेन फिसला, कुछ घंटे बंद रही फ्लाइट
रायगढ़ : तूफान ने घरों से लेकर गोदाम तक में तबाही मचाई। कई घरों की छतें तिनकों की तरह उड़ गई। वहीं, तेज हवाओं ने रेहड़ी वालों के ठेले भी पलट दिए। एक व्यक्ति की मौत हो गई।
अलीबाग : अलीबाग में तूफान टकराते समय 125 किमी की रफ्तार से हवाएं चलनी शुरू हो गई। तूफान के असर से तेज बारिश भी हुई। आंधी और बारिश से इमारतों को नुकसान हुआ।
रत्नागिरि : एक जहाज समुद्र में फंस गया। मुंबई मरीन ड्राइव, कफ परेड, नरीमन पॉइंट जैसी जगहों पर कई जगह गाड़ियां पेड़ों के नीचे दब गई। पालघर में भी खासा नुकसान हुआ।