पीएम मोदी ने देश में नेतृत्व के प्रति विश्वास पैदा किया

पीएम मोदी ने देश में नेतृत्व के प्रति विश्वास पैदा किया

भोपाल। प्रदेश भाजपा ने मोदी सरकार की एक साल की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए शनिवार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग शुरू की है। पहले दिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओें ने 13 वीसी कर पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध जनों से संवाद किया गया। संवाद और संपर्क का यह सिलसिला रविवार को भी जारी रहेगा। डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, फग्गन सिंह कुलस्ते, सत्यनारायण जटिया सहित कई नेता संबोधित करेंगे। पार्टी 10 जून तक करीब 120 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेगी।

आत्म निर्भर मप्र के लिए जुटें

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कटनी और भोपाल की हुजूर और उत्तर विस क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी ने देश में नेतृत्व के प्रति विश्वास पैदा किया है। उनके निर्णयों और उपलब्ध्यिों को बूथ स्तर तक ले जाकर जनमानस को जोड़ने का काम करना है। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का पत्रक लेकर घर-घर जाएं। आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए हमें आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए जुटना है।

मोदी ने करके दिखा दिया

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने जबलपुर विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि धारा 370, अयोध्या मंदिर निर्माण या तीन तलाक का मामला भाजपा के लिए राजनीति का विषय नहीं है। भाजपा के लिए ये देश हित के मुद्दे हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर भाजपा का मजाक उड़ाती थी, लेकिन मोदी ने यह साबित करके दिखा दिया। गत वर्ष की अपेक्षा अधिक अनाज की खरीदी हुई है।

दो विधान, दो निशान नहीं चलेगा

सतना जिले के कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हम जो नारा लगाते थे, दो विधान, दो प्रधान नहीं और दो निशान चलने नहीं देंगे, उसे प्रधानमंत्री मोदी ने साकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एकता का परिचय देते हुए कोरोना से लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के फैसले पर कांगे्रस को पेट दर्द होता है।