चुनाव संचालन समिति में सिंधिया भी

चुनाव संचालन समिति में सिंधिया भी

भोपाल। भाजपा ने दो दर्जन सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों के लिए कमर कस ली है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रविवार को उपचुनाव के लिए संचालन समिति और प्रबंध समिति की घोषणा की है। संचालन समिति में 22 सदस्यों के नाम हैं। इसमें कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया को छठवें नंबर पर रखा गया। इस समिति में आधे यानी 11 चेहरे ग्वालियर- चंबल क्षेत्र से लिए गए हैं। वहीं, प्रबंध समिति भी बनाई गई है, जिसमें 18 सदस्यों को शामिल किया गया है। दीपक जोशी, अनूप मिश्रा, लाल सिंह आर्य जैसे असंतुष्ट नेताओं को संचालन समिति में शामिल किया गया है। ये नेता अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित हैं। पिछले चुनाव में ये नेता कांगे्रस उम्मीदवारों से हार गए थे। अब इनको हराने वाले कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं और उनके उपचुनाव लड़ने की भी उम्मीद है। असल में ये सभी नेता पार्टी संगठन की कार्यशैली से नाराज बताए जाते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयगर्वीय दीपक जोशी को मनाने उनके घर पर भी पहुंचे थे।