सिंधिया बोले-वहां कई चीलें बैठी हैं, जो मुझे नोचने के लिए तैयार है

भोपाल। शिवराज सरकार के 100 दिन पूरे होने पर राज्यसभा सदस्य व वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवराज सरकार की तारीफ की और कांग्रेस पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हमेशा से कुर्सी का मोह रहा है। वहां (कांग्रेस)कई चीलें बैठी हैं, जो मुझे नोचने के लिए तैयार हैं। कांग्रेस की कथनी, करनी में हमेशा अंतर रहा है। सिंधिया शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में प्रदेश भाजपा कार्यालय से वर्चुअल रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल,प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित बड़े नेता मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दिल्ली से रैली को संबोधित किया। इससे पहले प्रदेश कार्यालय में सरकार के 100 दिन पूरे होने पर लगाई गई प्रदर्शनी का उदघाटन किया गया। सिंधिया ने तत्कालीन मुख्यमंत्री कमल नाथ से पूछा कि कोरोना को लेकर आपने क्या किया, आपकी व्यस्तता सिर्फ ट्रांसफर उद्योग की बहाली थी। मार्च में कई लोगों की नियुक्तियां की। आईफा की बैठक लेने का समय था, लेकिन कोरोना को लेकर बैठक का समय नहीं था।
शिवराज ने प्रदेश को संकट से उबारा : तोमर ने कहा कि विकास की दृष्टि से हर मामले में शिवराज सरकार ने 15 वर्षों में प्रदेश को अग्रणी राज्यों में पहुंचाया। वहीं कमल नाथ सरकार ने 15महीनों में प्रदेश को बरबाद कर दिया।
कमलनाथ की 4 डी सरकार थी
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश में 15 महीनों तक कमलनाथ की 4 डी सरकार थी। इसमें दलाल, दंभ, दुर्भावना और दिग्विजय सिंह शामिल थे। यह सरकार दलालों की सरकार थी, जिन्होंने वल्लभ भवन को दलाली का अड्डा बना दिया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार के काम को जनता तक पहुंचाने को कहा।
हर बूथ तक पहुंचाएं उपलब्धियां
प्रदेश अध्यक्ष वीडी वीडी शर्मा ने कहा कि चौथी बार मुख्यमंत्री बनते ही शिवराज सिंह चौहान ने संवेदनशीलता के साथ फैसले लिए। उन्होंने कहा कि आज शिवराज सरकार के 100 दिनों में अपार उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को कार्यकर्ता हर बूथ तक ले जाएं।