सेंसेक्स 4 महीने बाद हुआ 36 हजारी, निफ्टी 10,600 के पार

सेंसेक्स 4 महीने बाद हुआ 36 हजारी, निफ्टी 10,600 के पार

मुंबई। एशिया बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच निवेश धारणा मजबूत रहने से घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुँच गए। बीएसई का सेंसेक्स मार्च के बाद पहली बार 36 हजार और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 10,600 अंक के पार बंद हुआ। लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार बढ़त में रहे। सेंसेक्स 177.72 अंक यानी 0.50 प्रतिशत उछलकर 36,021.42 अंक पर तथा निफ्टी 10,607.35 अंक अर्थात 0.53 फीसदी की मजबूती के साथ 10,607.35 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का 06 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है। दिग्गज कंपनियों में लिवाली से बाजार में सुबह से ही तेजी रही। एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों से इसे समर्थन मिला। रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टीसीएस और इंफोसिस जैसी बड़ी कंपनियों में निवेशकों ने पैसा लगाया। एयरटेल का शेयर चार प्रतिशत से अधिक चढ़ा। बजाज ऑटो में ढाई प्रतिशत और टीसीएस में करीब दो प्रतिशत की तेजी रही।