जड़ वाली सब्जियों जैसे मूली, शलजम, चुकंदर में प्रवेश कर रहे प्लास्टिक के सूक्ष्म कण... यह स्वास्थ्य के लिए जहर की तरह

लंदन। सेब, गाजर, नाशपाती, फूलगोभी और सलाद पत्तों में माइक्रोप्लास्टिक पाया गया है। केटानिया यूनिवर्सिटी एवं सूसे यूनिवर्सिटी तथा ट्यूनिशिया की मोनास्टिर यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों के अध्ययन में यह बात सामने आई है। जड़ वाली सब्जियां जैसे मूली, शलजम एवं चुकंदर में भी इस तरह से प्लास्टिक के सूक्ष्म कणों के प्रवेश का खतरा हो सकता है और यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इस सप्ताह प्रकाशित एक अध्ययन में यह पाया गया है कि जिन पौधों में प्लास्टिक के सूक्ष्म कण पाए गए हैं वे छोटे आकार के होते हैं और उनकी जड़ें भी छोटी होतीहैं। इन कणों के कारण पौधों की उपज के साथ ही उनका पोषक मूल्य भी कम हो जाता है। रिसर्च में शुक्रवार को प्रकाशित अध्ययन के अनुसार सेब माइक्रोप्लास्टिक से सर्वाधिक प्रदूषित फलों में से एक है तथा सब्जियों में गाजर इससे सर्वाधिक प्रदूषित है।
ऐसे किया गया अध्ययन
अध्ययन के लिए वैज्ञानिकों ने इटली के सिलिकॉन शहर कैटानिया में छ: विभिन्न स्थानों पर स्थित शॉप्स या सुपरमार्केट से 6 अलग-अलग प्रकार की सब्जियां एवं फल खरीदे। इसके बाद इन्हें साफ कर गोभी एवं सलाद पत्ते को छोड़कर बाकी के छिलके निकाले गए। इसके बाद इन्हें ब्लेंडर में डाल कर मिला लिया गया। इस मिश्रण को सुखाया गया और फिर एक इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप की सहायता से मौजूद माइक्रोप्लास्टिक का विश्लेषण किया गया। इसमें सामने आया कि प्लास्टिक के कण मौजूद थे।