दोपहर तक निकली रही चटक धूप फिर कई जगह हुई झमाझम

दोपहर तक निकली रही चटक धूप फिर कई जगह हुई झमाझम

जबलपुर ।  दिन भर में मौसम ने 3 रंग बदले। सुबह से लेकर दोपहर तक तेज चटक धूप व उमस हावी रही। जिससे लोग हलाकान रहे। इसके बाद दोपहर बाद 3 बजे से 4 बजे तक 1 घंटा अलग-अलग क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं धीमी गति से वर्षा हुई। इसके बाद मौसम में कुछ तब्दीली आई और लोगों को उमस से राहत मिली। मानसून की सक्रियता के बावजूद बादलों के धोखे से लोग परेशान हैं। देखने में घने और काले बादल ऐन वक्त पर धोखा देते हैं और बिना बरसे निकल जाते हैं। विगत 3 दिनों से तो बादल भी कम ही नजर आ रहे हैं। ऐसे में दोपहर बाद बदले मौसम के मिजाज ने लोगों को हल्की राहत दी है। लोग अपेक्षा कर रहे हैं कि तेज बारिश हो तो उमस से स्थाई निजात मिल जाए। लिया बारिश का आनंद- सिविक सेंटर,तीन पत्ती, फुहारा, रामपुर क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान लोग बारिश की फुहारों का आनंद लेते भी देखे गए। बहुत कम संख्या में ही लोग बरसाती से लैस दिखे अन्यथा वे भीगते ही दिखे। युवा वर्ग ने तो जैसे भीगने के आनंद के लिए ही भ्रमण रखा। वहीं बच्चे भी बारिश का आनंद लेते देखे गए।

ऐसा रहा मौसम का मिजाज

बुधवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। आर्द्रता73 प्रतिशत रही। सूर्योदय सुबह 5.29 व सूर्यास्त शाम 7 बजे हुआ। हवाओं की दिशा दक्षिणी पश्चिमी 6 किमी प्रति घंटे रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में संभाग के जिलों में वर्षा व गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई गई है।