निसर्ग का असर अचानक सुहाना हुआ मौसम

जबलपुर । तूफान निसर्ग के असर से शहर में शीतल हवाओं और बारिश की रिमझिम बूंदों ने लोगों को राहत दी है। शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी थी मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ। थोड़ी-बहुत देर पानी की फुहारें पड़ीं और दोपहर में धूप भी निकली। तूफान निसर्ग ने शहर व अंचल को बचा कर रखा इसके लिए ईश्वरीय शक्ति को लोगों ने नमन किया। जहां आसपास के जिलो में खासी वर्षा रिकॉर्ड की गई है वहीं जबलपुर में यह मामूली रही है। हवाओं ने भी यहां कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। उलटे धूप से झुलसते और उमस की मार से अधमरे हुए लोगों ने हाल की ठंडी हवाओं और बारिश की फुहारों का आनंद उठाया है। इस बीच पारे ने भी नीचे की तरफ गजब की छलांग लगाई है। सामान्य से 11 डिग्री तक नीचे पहुंचकर पारे ने भी रिकॉर्ड बनाया है। न्यूनतम पारा भी नीचे आया है। इसका फायदा मौसम में तब्दीली के रूप में देखा जा रहा है।
ऐसा रहा शुक्रवार को मौसम का मिजाज
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 10 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। आर्द्रता 95 प्रतिशत रही। सूर्योदय सुबह 5.24 व सूर्यास्त शाम 6.54 बजे हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में संभाग के जिलों में कहीं- कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। हवाओं की गति 5 किमी प्रति घंटे उत्तर- पश्चिमी रही। चौबीस घंटे में बारिश 2.2 मिमी हुई।