महाराष्ट्र से बैतूल आए बाघ को वन विहार में किया क्वारेंटाइन

भोपाल। मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व के घोड़ेला बाड़े में रखे गए नर बाघ को राजधानी के वन विहार शनिवार को लाया गया। यह बाघ महाराष्ट्र के रास्ते बैतूल में दाखिल हुआ था। फिलहाल इस बाघ को 7 दिन तक वन विहार प्रशासन ने क्वारेंटाइन किया है। क्वारेंटाइन पूरा होने के बाद, वन विहार प्रबंधन तय करेगा कि इस बाघ को डिस्प्ले में रखा जाए या नहीं। गौरतलब है कि वन विहार में अब कुल 14 बाघ हो गए हैं। इस बाघ का नाम सरन रखा गया है। इस बाघ ने अमरावती जिले में दो लोगों पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद, दिसंबर 2018 में भटक कर यह बैतूल आ गया था। फिर इसे 11 दिसंबर 2018 को बैतूल के सारणी कस्बे के रिहायशी इलाके से रेस्क्यू कर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में प्राकृतिक रहवास में छोड़ा गया। यहां से सारणी कस्बे के रिहायशी क्षेत्र पहुंचकर इसने कुछ लोगों पर जानलेवा हमला किया।