शाम को बदला मौसम, गरज, चमक के साथ हुई बारिश

भोपाल । राजधानी में रविवार को सुबह से धूप खिली रही। दोपहर बाद आसमान में बादल भी छाए। शाम को कई इलाकों में तेज बौछारें पड़ी। इसके के बाद देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही। हवा की दिशा भी दिनभर उत्तर- पश्चिमी रही और हवा की गति 30 किलोमीटर प्रतिघंटा के आसपास बनी रही, लेकिन सात बजे के आसपास फिर मौसम बदल गया और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम वैज्ञानिक पीके साह के मुताबिक वर्तमान में साउथ-ईस्ट यूपी पर ऊपरी हवा का चक्रवात बना है। साथ ही नार्थ उड़ीसा और सौराष्ट्र पर भी ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। साह के अनुसार नार्थ पंजाब से नार्थ बंगाल की खाड़ी तक तक मानसून ट्रफ बनी हुई है, जो साउथ यूपी होते हुए जा रही है।
ट्रफ के नीचे आने के बाद आगे बढ़ेगा मानसून
साह के अनुसार मानसून द्रोणिका के अगले 1-2 दिन में नीचे आने की संभावना है। ट्रफ लाइन के नीचे आने से प्रदेश में नमी ज्यादा आएगी, जिससे मानसून आगे बढ़ेगा और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। विशेषकर ईस्ट एमपी में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। वैज्ञानिक पीके साह के अनुसार 26 से 28 जून के बीच पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में इजाफा होने के आसार हैं। इस दौरान भारी बारिश होने की संभावना है।