केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने जन्मदिन पर रोपे पौधे

केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने जन्मदिन पर रोपे पौधे

जबलपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पौधे रोपित कर पर्यावरण बचाने के आह्वान को देशव्यापी स्वरूप देते हुए केन्द्रीय संस्कृति व पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के मंत्रालय ने 28 जून से 12 जुलाई तक देश भर में वृहद स्तर पर वृक्ष लगाने का अभियान प्रारम्भ किया है। जिसमें पहली बार बड़ी संख्या में आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी सामने आ रही है। इसी अभियान के प्रथम दिन केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने जन्मदिन पर अपने आवास की सैनिक सोसाईटी की पहाड़ी पर पौधे रोपित किए। जिसमें 5 सहजन, 5 कठल, 5 सीताफल व 5 आवला के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर श्री पटेल ने कहा कि प्रकृति की रक्षा करने की जिम्मेदारी देश के सभी नागरिकों की है। वृक्षारोपण से निश्चित ही वातावरण को शुद्ध रखने में मदद मिलेगी। इस अभियान में जिन लोगों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की है वह साधुवाद के पात्र है। मेरा सभी से आग्रह है कि वृक्षारोपण के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर अपना योगदान दें। श्री पटेल ने आगे कहा कि संस्कृति मंत्रालय उन पांच पेड़ों को लगाए जाने को प्राथमिकता दे रहा है जिन्हें हमारे प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया है और जो हमारे देश की हर्बल विरासत का सटीक प्रतिनिधित्व करते हैं। ये पेड़ हैं - बरगद, आंवला, पीपल, अशोक, बेल। उन्होंने आगे कहा कि यदि इन वृक्षों का पौधा उपलब्ध नहीं है तो लोग अपनी पसंद के किसी अन्य पौधे का पौधारोपण कर सकते हैं।

प्रथम दिन देशभर में रोपे गए हजारों पौधे

वृक्षारोपण संकल्प पर्व के प्रथम दिन देशभर में हजारों की तादाद में पौधे रोपित किये गए। प्रति व्यक्ति वर्ष भर में 60 पौधे रोपने का संकल्प भी लोगों से कराया गया। इस अभियान में सभी आयु वर्ग के बच्चे से लेकर वृध्द तक भाग ले रहे हैं। भारत से बाहर भी इस अभियान को सराहा जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व मन्त्री अजय विश्नोई, आशीष दुबे, पूर्व महापौर प्रभात साहू, पूर्व महापौर स्वाति सदानंद गोडबोले, आलोक जैन, शिव पटेल, राघवेन्द्र सिंह पटेल, विनोद मिश्रा, एड. शेलेंद्र वर्मा, एड. शरद वर्मा, एड. रमन पटेल, अन्शुमान शुक्ला, कमल ग्रोवर, सुभास भाटिया, रम्मू पलिया, धीरज पटेल आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।