मंत्रिमंडल विस्तार में वीडी -भगत की अहम भूमिका

भोपाल। शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक हलचल तेज हो गई है। रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ दिल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ संगठन के इन दोनों दिग्गजों को दिल्ली जाना ही इस बात के संकेत है कि मंत्रिमंडल विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। मुख्यमंत्री शिवराज की दिल्ली मे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से करीब दो घंटे लंबी चर्चा हुई। इसमें संभावित चेहरों को अंतिम मुहर लगाए जाने की कवायद जारी रही। इधर, इससे पहले भोपाल में सुबह से ही सभी की निगाहें मुख्यमंत्री शिवराज की दिल्ली यात्रा पर लगी रही। पहले केवल शिवराज का दिल्ली जाने का कार्यक्रम निर्धारित हुआ था। राष्ट्रीय नेतृत्व ने शर्मा और भगत को भी उनके ही साथ दिल्ली बुलाया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार में अब संगठन की अहम भूमिका रहने वाली है। संगठन की पसंद को भी मंत्रिमंडल विस्तार में जगह दी जाएगी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज और प्रदेशाध्यक्ष संभावित मंत्रियों की अलग-अलग सूची लेकर देर शाम दिल्ली पहुंचे। दोनों सूचियों में आठ से नौ नामों पर पेंच अटका हुआ है।