बूंदा-बांदी से ही करना पड़ रहा है संतोष झमाझम का इंतजार

जबलपुर । शाम को बामुश्किल 5 से 10 मिनट हुई बारिश ने लोगों को राहत का अहसास करवाया। हालाकि मानसून का अभी अता-पता नहीं है और ऐसी उम्मीदे जताई जा रही हैं कि महीने के अंत तक ही यह सक्रिय होगा। इस बीच उमस व गर्मी से लोग जूझ रहे हैं,जिसमें शाम को कुछ घंटों की राहत मिली। शहर में मानसूनी बादल छाए हुए हैं।कम हवा का दबाव क्षेत्र भी बना हुआ है। बारिश की संभावना तो लगातार बनी हुई है मगर यह हो नहीं रही है। बताया जा रहा है कि मौसम मे कुछ डिस्टर्बेंस है जिसके चलते झमाझम बारिश नहीं हो पा रही है। वहीं आर्द्रता बढ़ने से उमस भी बढ़ी है। जहां तक जबलपुर की बात है तो बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में वर्तमान में कोई सिस्टम न होने से मानसून को ऊर्जा नहीं मिल पा रही है।
ऐसा रहा शुक्रवार को मौसम का मिजाज
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 7 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। आर्द्रता 77 प्रतिशत रही। सूर्योदय सुबह 5.25 व सूर्यास्त शाम 6.59 बजे हुआ। हवाओं की दिशा पश्चिमी 4 किमी प्रति घंटे रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में संभाग के कई जगहों पर वर्षा व गरज चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई गई है।