फूलबाग पर धरना देना था लेकिन पुलिस ने रोक दिया, दो हजार से ज्यादा की गिरफ्तारियां

फूलबाग पर धरना देना था लेकिन पुलिस ने रोक दिया, दो हजार से ज्यादा की गिरफ्तारियां

ग्वालियर। कांग्रेस छोड़ने के पांच माह बाद ग्वालियर आए राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा के सदस्यता अभियान के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूलबाग पर धरना देने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने रोक दिया। फूलबाग गुरु द्वारा से आगे एक भी व्यक्ति को आगे नहीं बढ़ने दिया और पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर नवीन के न्द्रीय जेल भेज दिया। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मितेन्द्र दर्शन सिंह, संजय सिंह यादव को फूलबाग आते समय पुलिस ने रोक लिया और गोला का मंदिर थाने ले गई। उधर पार्टी की वरिष्ठ नेत्री रश्मिपवार शर्मा ने बेरीकेड लांघकर आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस से खींचतान कर दी। उन्हें सड़क पर भी घसीटा गया। शिंदे की छावनी स्थित पार्टी कार्यालय पर पूर्वमंत्री बालेन्दु शुक्ल, पूर्वमंत्री भगवान सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह, जिलाध्यक्ष डा.देवेन्द्र शर्मा, पूर्व सांसद रामसेवक सिंह के बीच मंत्रणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंधिया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ना शुरू कर दिया। कार्यालय से 200 मीटर दूरी पर पुलिस ने बेरीकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया था और बसें खड़ी कर दीं थीं। इसलिए कोई भी कार्यकर्ता आगे नहीं बढ़ सका। जेल प्रशासन ने दो हजार लोगों की गिफ्तारी बताई जबकि प्रदेश प्रवक्ता केके मिश्रा ने पांच हजार लोगों की गिरफ्तारी का दावा किया है। रश्मि से खींचतान, संजय बेरीकेड पर चढ़े वरिष्ठ नेत्री रश्मि पवार शर्मा गिरफ्तारी देने के लिए शनिवार को काले रंग के परिधान पहनकर पहुंची थीं। पुलिस ने जब उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया तभी पुलिस जवानों से उनकी झूमाझटकी हो गई। पुलिस के साथ खींचतान के बीच रश्मि पवार शर्मा के साथ महिला पुलिस ने खींचतान कर दी। काफी देर तक झू्माझटकी के बाद उन्हें बस में बिठालकर नवीन केन्द्रीय जेल ले जाया गया। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय सिंह यादव ने बेरीकेड लांघने का प्रयास किया। युवक कांग्रेस के एक अन्य राष्ट्रीय सचिव मितेन्द्र दर्शन सिंह को पिंटो पार्क स्थित घर से निकलकर फूलबाग के लिए जाते समय गोला का मंदिर पुलिस ने गिरफ्तार कर थाने पहुुंचा दिया । अहिवरण सिंह को उनके घर से उठाया गया। शिवपुरी-मुरैना के लोगों को रास्ते में रोक लिया शिवपुरी के करैरा और पोहरी, मुरैना और भिंड, दतिया से भी काफी लोग ग्वालियर पहुंचना चाह रहे थे लेकिन उन्हें घुसने से रोक दिया गया। करैरा के कार्यकर्ताओं को विक्की फैक्ट्री से पहले ही रोक दिया। कई कार्यकर्ता बाद में सीधे केन्द्रीय जेल पहुंचे थे। विधायक बाबू जंडेल सिंह, विधायक बैजनाथ सिंह कुशवाह, विधायक गोपाल सिंह चौहान, पूर्व सांसद मुरैना बाबू लाल सोलंकी, अशोक शर्मा, सुनील शर्मा, चन्द्र मोहन नागौरी, धर्मेन्द्र शर्मा, कुसुम शर्मा, पूर्व विधायक शकुंतला खटीक, पूर्व विधायक हरिवल्लभ शुक्ला, तरुण यादव, मोहन माहेश्वरी, इब्राहीम पठान, वीर सिंह तोमर, अमर सिंह माहौर, संतोष शर्मा सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे। पुलिस छावनी बना रही शिंदे की छावनी शनिवार सुबह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी होने तक पुलिस छावनी बनी रही। अंचलभर के अलग-अलग थानों से 1500 पुलिस कर्मियों को बुलाया गया था। तीन एएसपी, आधा दर्जन से अधिक डीएसपी ड्यूटी पर थे।