भाजपा, तेदेपा, जनसेना आंध्र प्रदेश में मिलकर लड़ेंगी चुनाव

गठबंधन का ऐलान, सीट बंटवारे पर चर्चा अभी बाकी

भाजपा, तेदेपा, जनसेना आंध्र प्रदेश में मिलकर लड़ेंगी चुनाव

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और जनसेना पार्टी आंध्र प्रदेश व वहां के लोगों की प्रगति के लिए गठबंधन किया है और एक-दो दिन में सीट बंटवारे के तौर तरीके पर बातचीत करेंगे। तीनों दलों ने शनिवार को जारी संयुक्त बयान में यह जानकारी दी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, तेदेपा अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू और जनसेना पार्टी (जेएसपी) के अध्यक्ष पवन कल्याण ने संयुक्त बयान में कहा, हमें उम्मीद है कि गठबंधन आंध्र प्रदेश के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा और जनता का पूरा समर्थन मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवंत और दूरदर्शी नेतृत्व में, तीनों दलों ने आगामी लोकसभा और आंध्र प्रदेश विधानसभा का चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया है क्योंकि वे देश की प्रगति और राज्य के लोगों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री मोदी पिछले 10 वर्षों से देश के विकास और प्रगति के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और तेदेपा एवं जनसेना पार्टी के साथ भाजपा के आने से आंध्र प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। बयान में कहा गया, भाजपा और तेदेपा का रिश्ता बहुत पुराना है।

उत्तर प्रदेश गठबंधन की अफवाहें फर्जी, अकेले लड़ेगी बसपा : माया

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने शनिवार को एक बार फिर साफ किया कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव अकेले अपने बलबूते पर लड़ेगी और चुनावी गठबंधन या तीसरा मोर्चा आदि बनाने की अफवाहों को फर्जी खबर करार दिया। मायावती ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, बसपा देश में लोकसभा का आम चुनाव अकेले अपने बलबूते पर पूरी तैयारी और दमदारी के साथ लड़ रही है। ऐसे में चुनावी गठबंधन या तीसरा मोर्चा आदि बनाने की अफवाह फर्जी खबरों के अलावा कुछ नहीं। मीडिया ऐसी शरारतपूर्ण खबरें देकर अपनी विश्वसनीयता न खोए। लोग भी सावधान रहें।

महाराष्ट्र सीट साझेदारी के 80 फीसद मुद्दे हल : फडणवीस

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा - लोकसभा चुनाव के लिए सीट साझेदारी से जुड़े 80 फीसद मुद्दे हल कर लिए गए हैं। बाकी बचे 20 प्रतिशत मुद्दों को जल्द हल कर लिया जाएगा।फडणवीस ने कहा कि शुक्रवार को सीट शेयरिंग पर सहयोगी दलों से चर्चा बहुत सकारात्मक रही है।

ओडिशा बीजद-भाजपा में गठबंधन को लेकर संशय बरकरार

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री एवं बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि अफवाह और झूठ राजनीति का सबसे खराब पहलू हैं। पटनायक का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बीजद और भाजपा के बीच गठबंधन पर संशय बरकरार है। पटनायक ने यह टिप्पणी अपने करीबी सहयोगी और 5टी और नवीन ओडिशा के अध्यक्ष वीके पांडियन के साथ बातचीत के दौरान की।