रोहित के तूफान में उड़ी अफगान की चुनौती

विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट : अफगानिस्तान को हराकर भारत अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा

रोहित के तूफान में उड़ी अफगान की चुनौती

नई दिल्ली। कप्तान रोहित शर्मा की रिकॉर्ड तोड़ शतकीय पारी के दम पर भारत ने एकदिवसीय विश्व कप के मैच में बुधवार को यहां अफगानिस्तान को 90 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। रोहित ने 84 गेंद की पारी में 16 चौके और पांच छक्कों की मदद से 131 रन बनाने के अलावा ईशान किशन (47) के साथ पहले विकेट के लिए 112 गेंद में 156 रन और विराट कोहली (नाबाद 55) के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 गेंद में 49 रन की साझेदारी की। कोहली ने श्रेयस अय्यर (नाबाद 25) के साथ 56 गेंद में 68 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। भारत ने अफगानिस्तान को आठ विकेट पर 272 रन पर रोकने के बाद 35 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत से भारतीय टीम अपना नेट रन रेट बेहतर करते हुए अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई। अफगानिस्तान ने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (80) और अजमतुल्लाह ओमरजई (62) के बीच साथ चौथे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी से सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया लेकिन भारतीयों इसे बौना साबित कर दिया। शाहिदी ने 88 गेंद में आठ चौका और एक छक्का लगाया तो वहीं ओमरजई ने 69 गेंद की पारी में दो चौके और चार छक्के जडे़। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर अपनी धारदार गेंदबाजी से प्रभावित करते हुए 10 ओवर में 39 रन देकर चार विकेट लिए। हार्दिक पंड्या ने दो जबकि कुलदीप यादव और शारदुल ठाकुर ने एक-एक विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने फजलहक फारुकी के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाते हुए बायें हाथ के इस गेंदबाज के शुरुआती चार ओवर में पांच चौके और दो छक्के जड़े। उन्होंने इस दौरान विश्व कप में 19 पारियों में 1000 रन पूरा कर डेविड वार्नर की बराबरी की।

रोहित ने सचिन और कपिल देव के रिकॉर्ड तोड़े

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय मैच में बुधवार को यहां विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने के साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। रोहित ने विश्व कप का अपना सातवां शतक जड़कर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ा। तेंदुलकर ने छह विश्व कप (1992 से 2011) में छह शतक लगाए थे तो वही रोहित का यह तीसरा (2015, 2019, 2023) एकदिवसीय विश्व कप है। रोहित ने विश्व कप में भारतीय बल्लेबाजों में सबसे तेज शतक बनाने के साथ अंतरराष्टÑीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। रोहित ने 18वें ओवर में नबी के खिलाफ चौका और एक रन लेकर 63 गेंद में अपना शतक पूरा किया। विश्व कप में भारतीयों में सबसे कम गेंद में शतक लगाने का रिकॉर्ड इससे पहले कपिल देव के नाम था जिन्होंने 1983 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 175 रन की ऐतिहासिक पारी के दौरान 72 गेंद में शतक जड़ा था। इस सलामी बल्लेबाज ने 85 मीटर लंबा छक्का लगाकर अंतरराष्टÑीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था जिन्होंने 483 मैच में 553 छक्के लगाए हैं।