रामदेव से मिले सीएम, मप्र में गुरुकुल खोलने का आमंत्रण

रामदेव से मिले सीएम, मप्र में गुरुकुल खोलने का आमंत्रण

भोपाल। सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्वामी रामदेव को प्रदेश में गुरुकुल और आश्रम स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया है। शनिवार को हरिद्वार में पतंजलि गुरुकुलम एवं आचार्यकुलम के शिलान्यास समारोह में सीएम ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति गुरु और गुरुकुल दोनों की महिमा बताती है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण ने गुरुकुल में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। हमारा यह सौभाग्य है कि मप्र भगवान श्री कृष्ण की शिक्षा स्थली है। सीएम ने कहा कि स्वामी रामदेव उज्जैन या प्रदेश के अन्य किसी स्थल पर गुरुकुल व आश्रम स्थापित करने के लिए आमंत्रित हैं।

21वीं शताब्दी भारत के उत्कर्ष की शताब्दी है :

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का मानना था कि 21वीं शताब्दी भारत के उत्कर्ष की शताब्दी होगी और उत्कर्ष के यह लक्षण दिखाई देने लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का यश सम्पूर्ण विश्व में स्थापित हुआ है। योग गुरु स्वामी रामदेव ने भारतीय संस्कृति की महत्ता को विश्व में स्थापित करते हुए भारतीय दर्शन व चिंतन में विश्वास की पुनर्स्थापना की है।