अल्पसंख्यक आयोग में 42 फीसदी बढ़ीं शिकायतें, सबसे ज्यादा विधि व्यवस्था की, 41 हेट क्राइम की

अल्पसंख्यक आयोग में 42 फीसदी बढ़ीं शिकायतें, सबसे ज्यादा विधि व्यवस्था की, 41 हेट क्राइम की

नई दिल्ली। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने एक आंकड़ा जारी कर बताया कि पिछले एक साल में आयोग को मिलने वाली शिकायतों में 42% का इजाफा हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, आयोग के पास वर्ष 2021-22 में कुल 2076 शिकायतें आईं, जो इससे पहले के वर्ष की तुलना में लगभग 42% ज्यादा हैं और इनमें 41 शिकायतें घृणा अपराध (हेट क्राइम) और सबसे ज्यादा 378 शिकायतें विधि-व्यवस्था के मामलों से संबंधित थीं। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2020-21 में अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों की तरफ से उसके समक्ष 1463 शिकायतें दर्ज कराई गईं थी। आयोग के अनुसार सांप्रदायिक हिंसा को लेकर 10 और सांस्कृतिक अधिकारों से जुड़ी 7 शिकायतें भी आयोग के पास आर्इं।

पहली बार हेट क्राइम का आंकड़ा अलग बताया गया

आयोग ने 2021-22 में घृणा अपराध से संबंधित 41 शिकायतें दर्ज कीं तथा कुछ अन्य मामलों में 511 शिकायतें आई हैं। आयोग ने पहली बार घृणा अपराध से जुड़ी शिकायतों का अलग आंकड़ा एकत्र किया है। वहीं आयोग का कहना कि हमारे सामने जो भी शिकायतें आती हैं, उनमें से ज्यादातर का जल्द से जल्द निपटारा किया जाता है।

तीन साल से गिर रहा था शिकायतों का आंकड़ा

आयोग के अनुसार साल 2021-22 में भले ही शिकायतों में वृद्धि हुई हो, लेकिन 2018-19 से 2020-21 के दौरान शिकायतों की संख्या में लगातार कमी दर्ज की गई थी। साल 2020-21 में आयोग के सामने 1463 शिकायतें आई थीं। वर्ष 2019-20 में कुल 1670 और 2018- 19 में 1871 शिकायतें आई थीं।

आनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध होने से बढ़ा आंकड़ा

हालांकि, अल्पसंख्यक आयोग के एक सीनियर अफसर का कहना है कि शिकायतों की तादाद बढ़ने की वजह शिकायत दर्ज करने के लिए आनलाइन प्लेटफॉर्म का ज्यादा इस्तेमाल होना है, जबकि पहले लोग सिर्फ आफलाइन मोड में ही अपनी शिकायतें दर्ज कराते थे। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बढ़ने का मतलब यह कतई नहीं है कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ अपराध मामले बढ़े हैं। आयोग के प्रयासों के चलते अब आनलाइन मोड में ज्यादा से ज्यादा लोग शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, इसलिए यह तादाद थोड़ी बढ़ी हुई नजर आ रही है।

कितनी शिकायतें किस समुदाय से

समुदाय                                  शिकायतें

मुस्लिम समुदाय                        1420
सिख समुदाय                            222
ईसाई समुदाय                          137
जैन समुदाय                             67
बौद्ध समुदाय                            57
पारसी समुदाय                          22
अन्य लोगों ने की                       151

किस तरह की कितनी शिकायतें

शिकायतों का संबंध                          शिकायतें

विधि-व्यवस्था                                       378
जमीन विवाद                                       231
पुलिस अफसरों के खिलाफ                    218
महिलाओं के खिलाफ उत्पी़ड़न              135
सेवा से संबंधित                                   116
सरकारी अफसरों के खिलाफ                122
शिक्षा के मामलों से जुड़ी                       98
प्रशासन के खिलाफ                             68
आर्थिक मामलों से जुड़ी                        60
मजहबी अधिकारों से संबंधित                54
वक्फ मामलों से संबंधित                       27