पिछोर-जौरा में ‘धाकड़’ नीति, सुमावली और भिंड में ‘कुशवाह’ रण में

मध्य, मालवा के प्रत्याशियों में विविधता, चंबल-ग्वालियर और बुंदेलखंड में कई सीटों पर जातिगत संख्या ज्यादा

पिछोर-जौरा में ‘धाकड़’ नीति, सुमावली और भिंड में ‘कुशवाह’ रण में

भोपाल। पूरे देश में जातिगत जनगणना की बात चल रही है। हालांकि मप्र में 2023 के चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या देखें तो कई क्षेत्रों में जाति विशेष के उम्मीदवारों का बोलबाला है। मसलन, किसी सीट पर धाकड़, कहीं कुशवाह तो कहीं कुर्मी को खास तौर से ध्यान रखा है। चंबल-ग्वालियर, बुंदेलखंड में जातिगत संख्या कई सीटों पर नजर आती है जबकि मध्य, महाकोशल, मालवा निमाड़ में मिक्स कल्चर है।

जातियों की ताकत, कहां कौन उम्मीदवार भारी

धाकड़: पोहरी सीट से भाजपा के सुरेश धाकड़ उम्मीदवार हैं तो उनके खिलाफ तीन निर्दलीय नरेश धाकड़, बृजेश धाकड़, सतेंद्र धाकड़ मैदान में हैं। सामान्य सीट जौरा में सपा से मनीराम धाकड़, आप से फौजी भगवती धाकड़, परिवर्तन पार्टी से अनिल धाकड़, जितेंद्र सिंह धाकड़ उम्मीदवार हैं। जबकि भाजपा से सूबेदार सिंह सिकरवार और कांग्रेस ने पंकज उपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है।

कुशवाह: भिंड में भाजपा के नरेंद्र कुशवाह, बसपा से संजीव कुशवाह, आप से राहुल कुशवाह के अलावा दो निर्दलीय कुशवाह भी चुनाव लड़ रहे हैं। सुमावली में कांग्रेस से अजब सिंह कुशवाह के अलावा ममता कुशवाह, और सुशील कुशवाह प्रत्याशी हैं। ग्वालियर दक्षिण सीट पर भाजपा के नारायण कुशवाह हैं तो अन्य पार्टियों और निर्दलियों में कल्याण सिंह कुशवाह, नारायण सिंह कुशवाह हैं।

तोमर, लोधी और सखवार: दिमनी सीट पर भाजपा के नरेंद्र सिंह तोमर, कांग्रेस से रवींद्र सिंह तोमर तो आप से सुरेंद्र सिंह तोमर प्रत्याशी हैं। पिछोर में कांग्रेस से अरविंद लोधी, भाजपा से प्रीतम लोधी, निर्दलीय अरविंद लोधी, राकेश लोधी भी हैं।

यादव भी पीछे नहीं: मुंगावली सीट पर भाजपा के बृजेंद्र सिंह यादव, बसपा से मोहन सिंह यादव हैं। गजेंद्र और भूपेंद्र सिंह यादव मैदान में हैं।

रहली में कुर्मी: सागर के रहली में भाजपा से गोपाल भार्गव तो कांग्रेस ने ज्योति पटेल को प्रत्याशी बनाया है। ज्योति पटेल कुर्मी वर्ग से आती हैं। निर्दलीय ज्योति पटेल, दिनेश कुर्मी, नंदकिशोर कुर्मी, सोहन कुर्मी हैं।

नरेला में 17, मैहर में 7 मुस्लिम उम्मीदवार : सबसे ज्यादा मुस्लिम उम्मीदवार भोपाल जिले की नरेला सीट पर हैं। भोपाल उत्तर में 9 उम्मीदवार हैं। भोपाल मध्य सीट पर 7 और मैहर से 7 मुस्लिम मैदान में हैं।