हरमनप्रीत का अर्धशतक, मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी जीत

हरमनप्रीत का अर्धशतक, मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी जीत

मुंबई। मुंबई इंडियंस ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 53 रन) और नैट साइवर ब्रंट (नाबाद 45 रन) के बीच तीसरे विकेट के लिए 106 रन की अटूट साझेदारी के दम पर रविवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 मैच में यूपी वारियर्स को 15 गेंद रहते 8 विकेट से हराकर लगातर चौथी जीत दर्ज की। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत की 33 गेंद की नाबाद पारी में नौ चौके और एक छक्का जड़ा था। साइवर ब्रंट (31 गेंद में छह चौके और एक छक्के) ने छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई। इससे मुंबई की टीम आठ अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर चल रही है। यूपी वॉरियर्स की कप्तान एलिसा हीली (58 रन) और तहलिया मैकग्रा (50 रन) के अर्धशतक भी उसे हार से नहीं बचा सके। हीली और मैकग्रा के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी से यूपी वारियर्स ने 6 विकेट पर 159 रन का स्कोर बनाया। मुंबई इंडियंस ने 17.3 ओवर में दो विकेट पर 164 रन बनाकर आराम से जीत दर्ज की।