कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष का विरोध, रेसलर बजरंग पूनिया ने पीएम को पद्म श्री लौटाया

कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष का विरोध, रेसलर बजरंग पूनिया ने पीएम को पद्म श्री लौटाया

नई दिल्ली। भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने भारतीय कुश्ती संघ के नए प्रमुख संजय सिंह के विरोध में अपना पद्म श्री पुरस्कार लौटा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। बजरंग ने पद्म पुरस्कार लौटाने का ऐलान करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खत लिखा है। खत की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए बजरंग ने लिखा कि मैं पद्म श्री पुरस्कार वापस लौटा रहा हूं। 

सोशल मीडिया पर वायरल पत्र के संपादित अंश... 

माननीय प्रधानमंत्री, उम्मीद है कि आप स्वस्थ होंगे। आपको पता होगा कि इसी साल जनवरी महीने में देश की महिला पहलवानों ने कुश्ती संघ पर काबिज बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। हमारी सुनवाई कहीं नहीं हुई तो हमने अपने मेडल गंगा में बहाने की सोची। लेकिन, हमारे कोच और किसानों ने हमें ऐसा नहीं करने दिया। गृहमंत्री से मुलाकात के बाद उम्मीद थी कि न्याय मिलेगा। लेकिन, 21 दिसंबर को हुए कुश्ती संघ के चुनाव में बृजभूषण दोबारा काबिज हो गया है। मानसिक दबाव में ओलिंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने कुश्ती से संन्यास ले लिया। मुझे पद्म श्री, खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। जब ये सम्मान मिले, तो मैं बहुत खुश हुआ। लेकिन, आज दुखी हूं। महिला पहलवानों को अपमानित किए जाने के बाद मैं ‘सम्मानित’ बनकर अपनी जिंदगी नहीं जी पाउंगा। इसलिए ये ‘सम्मान’ मैं आपको लौटा रहा हूं।