कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण पर यौन शोषण करने का आरोप

कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण पर यौन शोषण करने का आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में कुल 30 पहलवान शामिल हैं। ओलिंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले पहलवान भी इस प्रदर्शन का हिस्सा हैं। पहलवानों ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज से भाजपा सांसद भी हैं। इस बीच, मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने संघ से 72 घंटे में जवाब तलब किया है। विनेश ने कहा कि कोच महिलाओं को प्रताड़ित कर रहे हैं और फेडरेशन के चहेते कुछ कोच महिला कोच के साथ भी बदसलूकी करते हैं। वे लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। विनेश ने कहा है कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष सिंह ने कई लड़कियों का यौन शोषण किया है। पुरुष कोच भी लड़कियों और महिला कोच का यौन शोषण करते हैं।

आवाज उठाने पर मिली धमकी

पहलवानों ने कहा कि वे (संघ) हमारे निजी जीवन में भी दखल देते हैं और हमें परेशान करते हैं। जब हम ओलिंपिक में गए थे तो हमारे पास फिजियो या कोच नहीं था। हमने आवाज उठाई तो हमें धमकाया गया।

जंतर-मंतर पर कर रहे प्रदर्शन

भारत के लगभग 30 पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के जंतर- मंतर में प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष सिंह पर तानाशाही के आरोप लगाए हैं।

मंत्री संदीप को गंवाना पड़ा पद

हाल ही में हरियाणा सरकार में खेल मंत्री रहे संदीप सिंह पर एक महिला कोच ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा था। मामले की जांच के लिए सरकार ने जांच समिति गठित की है।

आरोप सही साबित हुए तो फांसी लगा लूंगा : सिंह

बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि अगर ये आरोप सही साबित हुए तो मैं फांसी पर लटक जाऊंगा। पहलवानों के धरने के पीछे एक बड़े उद्योगपति का हाथ है। क्या ऐसा कोई खिलाड़ी है, जो आकर कह सकता है कि कुश्ती संघ ने उसे प्रताड़ित किया? क्या उन्हें पिछले 10 साल से फेडरेशन से कोई समस्या नहीं थी? ये सारी बातें तब हो रही हैं, जबसे नए नियम लागू किए गए हैं। यौन शोषण की कोई घटना नहीं हुई है।

खिलाड़ी पूरी मेहनत करके देश को मेडल दिलाता है, लेकिन संघ ने हमें नीचा दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया। मनचाहे कानून लाकर खिलाड़ियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। - साक्षी मलिक, ओलिंपियन

हमारा विरोध संघ और उनके काम करने के तरीके के खिलाफ है। इसका राजनीति से कुछ भी लेना-देना नहीं है। अध्यक्ष को इस्तीफा देना चाहिए। - बजरंग पुनिया, ओलिंपियन