25 साल तक राष्ट्रीय मुख्य कोच रहे बहादुर सिंह ने दिया इस्तीफा

25 साल तक राष्ट्रीय मुख्य कोच रहे बहादुर सिंह ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। 25 वर्षों तक भारतीय एथलेटिक्स के राष्ट्रीय मुख्य कोच रहे पद्मश्री बहादुर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कोरोना के चलते वरिष्ठ नागरिकों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने वाले गृह मंत्रालय के परामर्श के मद्देनजर इस्तीफा दिया है। अपने कॅरियर में गोला फेंक एथलीट रहे बहादुर सिंह ने बैंकॉक में 1978 में हुए एशियाई खेलों और 1982 में नयी दिल्ली में हुए एशियाई खेलों में लगातार स्वर्ण पदक जीते। उन्हें 1974 में तेहरान एशियाई खेलों में रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। बहादुर सिंह ने चार एशियाई ट्रैक एंड फील्ड मीट में प्रत्येक में पदक जीता जिसमें 1973 में मेरीकिना में कांस्य, 1975 में सोल में स्वर्ण, 1979 में टोक्यो में कांस्य और 1981 में टोक्यो में रजत पदक शामिल है। बहादुर सिंह ने 1980 में मास्को ओलंपिक में भी भाग लिया था।