केंद्रीय गृहमंत्री शाह के साथ मंच पर 50 तो कमलनाथ के साथ सिर्फ दो नेता रहेंगे मौजूद

केंद्रीय गृहमंत्री शाह के साथ मंच पर 50 तो कमलनाथ के साथ सिर्फ दो नेता रहेंगे मौजूद

इंदौर। इंदौर 30 जुलाई को सुबह से लेकर शाम तक भाजपा और कांग्रेस मय रहेगा। चुनावी राजनीति के मान से यह दिन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सुबह से लेकर दोपहर तक रहेंगे, वहीं उसके पश्चात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इंदौर में रहेंगे, जिनके कार्यक्रम देर शाम तक इंदौर में रहेंगे। वे संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल तैयारियों में जुटे हुए हैं।

संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन देवी कनकेश्वरी ग्राउंड पर होगा। उम्मीद है कि लगभग 30 हजार कार्यकर्ता संभागभर से यहां पहुंचेंगे। क्षमता के आधार पर और बरसात को देखते हुए वाटरप्रूफ डोम तीन बनाए जा रहे हैं। मंच 100 बाय 60 रहेगा और करीब 50 नेता मंच पर रहेंगे, क्योंकि चुनावी समर है इसलिए मंच पर संभाग के नेताओं को भी स्थान दिया जाएगा। मंच सज्जा प्रभारी जवाहर मंगवानी व चंदू शिंदे को बनाया गया है। वहीं मंच के बैक ड्राप में प्रधानमत्री, गृहमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नजर आएंगे। व्यवस्थाओं के मान से दो ग्रीन रूम बनाए जाएंगे। सुरक्षा के लिए 60 फीट पीछे, 60 फीट दाएं और बाएं और फ्रंट में सिक्योरिटी रहेगी। सम्मेलन के पश्चात मैरियट होटल में भी कार्यक्रम होना है। शाह मैरियट में ही रात का भोजन करेंगे।

कमलनाथ के साथ मंच पर सिंह और कुमार

इधर, आदिवासी महापंचायत में पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ मंच पर दो नेता नजर आएंगे। उनकी यात्रा को लेकर तैयारियों में कांग्रेस जुटी है। शहर अध्यक्ष सुरजीत चड्डा के नियुक्त होने के बाद कमलनाथ की यह पहली यात्रा है। इसे लेकर शहर अध्यक्ष की अग्नि परीक्षा है। वे अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इंदौर में कांग्रेस का माहौल कैसे बने इसकी तैयारी भी की जा रही है। शहर अध्यक्ष ने बताया कि आदिवासी युवा महापंचायत में मंच पर केवल तीन लोग रहेंगे- कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और कन्हैया कुमार। आदिवासी युवा महापंचायत में सुझाव भी लिए जाएंगे और समस्याएं भी सुनी जाएंगी। चड्डा ने बताया कि कमलनाथ सुबह 9.45 बजे भोपाल से इंदौर आएंगे और 1 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे, वहीं दिग्विजय सिंह बेंगलुरु से एक दिन पहले ही आएंगे। उनके भी तीन कार्यक्रम इंदौर में रहेंगे।

एक हजार के एक्स्ट्रा बल की डिमांड

पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से फोर्स मांगा है। इंदौर की फोर्स के अलावा भी 1000 का बल एक्स्ट्रा मांगा है, क्योंकि हम अपना फोर्स लगाएंगे। एक दिन पहले मोहर्रम भी रहेगा। बाकी कमांडेंट की ड्यूटी भी मुख्यालय द्वारा लगाई जाती ही है।

कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

सुबह सभी नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया व तैयारियों को अमलीजामा पहनाने के लिए एकत्र हुए। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, जीतू जिराती, मुन्नालाल यादव, आईडीए अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा, चंदू शिंदे, पार्षद दल व एमआईसी सदस्य भी मौजूद रहे।