अमेरिका ने दी धमकी, रूस की मदद को आगे आया तो चीन भी भुगतेगा

अमेरिका ने दी धमकी, रूस की मदद को आगे आया तो चीन भी भुगतेगा

वाशिंगटन। यूक्रेन और रूस में जारी जंग के बीच अमेरिका और चीन में भी तनाव बढ़ गया है। अमेरिका की ओर से दावा किया गया था कि यूक्रेन में फंसे रूस ने अब चीन से हथियारों एवं अन्य चीजों की मदद मांगी है। इसके अलावा अब अमेरिका ने चीन को धमकी देते हुए कहा है कि यदि वह रूस की मदद के लिए आगे आता है तो फिर उसे भी भुगतना पड़ेगा। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने कहा कि यदि चीन मॉस्को की मदद के लिए आगे आता है तो फिर निश्चित तौर पर उसे अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि यूक्रेन में रूस फंस गया है। उसके पास हथियारों की कमी हो गई है और अब उसने चीन से मदद मांगी है। सुलिवन ने कहा, हम सीधे तौर पर बीजिंग से कह रहे हैं कि यदि उनकी ओर से रूस को मदद दी जाती है तो फिर उन पर भी बड़े पैमाने पर पाबंदियां लगाई जा सकती हैं। सुलिवन ने सख्त लहजे में कहा कि हम उन्हें आगे नहीं बढ़ने देंगे।

रूस ने हमसे कोई सैन्य मदद नहीं मांगी, अमेरिकी दावा दुष्प्रचार : चीन

बीजिंग। ने कहा है कि अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है रूस ने यूक्रेन की लड़ाई में उससे सैन्य मदद मांगी है। लेकिन यह दुष्प्रचार है। बीजिंग में चीनी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि अमेरिका यू्क्रेन युद्ध में चीन की भूमिका को लेकर शरारतपूर्ण तरीके से झूठ फैला रहा है। प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि चीन ने शांति के लिए सकारात्मक भूमिका अदा की है। उसने बातचीत से मसला सुलझाने की अपील की है।

एलन मस्क का चैलेंज, 'मेरे साथ दो-दो हाथ हो जाए, जीतने वाले का होगा यूक्रेन'

न्यूयॉर्क। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दो-दो हाथ करने की चुनौती दी है। मस्क ने ट्वीट कर लिखा, मैं व्लादिमीर पुतिन को सिंगल कॉम्बैट के लिए चुनौती देता हूं। दांव यूक्रेन है। कीव पर हमले बढ़े: रूस ने कीव वर भी हमले तेज कर दिए हैं। सोमवार को कीव की एक एयरक्राट फैक्ट्री में रूस ने हमला कर दिया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं रूस समर्थक क्षेत्र दोनेत्सक के लोगों ने दावा किया है कि यूक्रेन ने वहां हमला किया है। इस अटैक में 20 लोग मारे गए हैं। चर्नहीव शहर में भी रूस ने मिसाइल से हमले किए।

17 लाख से अधिक लोग यूक्रेन से पोलैंड पहुंचे

पोलिश बॉर्डर गार्ड एजेंसी ने कहा कि जब से लड़ाई शुरू हुई है तब से अब तक यूक्रेन से भागकर 17.5 लाख लोग पोलैंड पहुंचे हैं। वॉरसॉ यूनिवर्सिटी में वाइस रेक्टर फॉर रिसर्च माचिक दुश्चिक का अनुमान है कि 10 लाख शरणार्थी पोलैंड में है।

संघर्ष विराम पर वार्ता आज

यूक्रेन में लड़ाई खत्म करने के लिए रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों के बीच सोमवार को बैठक हुई। हालांकि बातचीत में मंगलवार तक के लिए तकनीकी विराम लिया गया है। वातार्कारों ने कहा है कि बातचीत का फोकस संघर्षविराम बनाए रखने पर रहेगा।