बोर्ड परीक्षा : 13 पेपर हुए, जिले में 6722 छात्र अनुपस्थित रहे, नकल केस नहीं

बोर्ड परीक्षा : 13 पेपर हुए, जिले में 6722 छात्र अनुपस्थित रहे, नकल केस नहीं

ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल और हायर सेकंडरी की परीक्षा में 1 से 15 मार्च तक 13 पेपर हो चुके हैं, जिसमें अंग्रेजी, गणित, बायोलॉजी, फिजिक्स, अर्थशास्त्र जैसे बड़े पेपर हो चुके हैं, लेकिन जिले के 92 परीक्षा केंद्रों पर एक भी नकल केस नहीं बना है, लेकिन दोनों परीक्षाओं में अभी तक 6722 (10वीं में 3829, 12वीं में 2893) छात्र- छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हुए हैं। परीक्षा में नकल केस नहीं बनने और छात्रों के अनुपस्थित रहने के पीछे मुख्य वजह सख्ती, नकल प्रकरण बनने का डर है। जिले में परीक्षा के लिए 92 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 45 सामान्य केंद्र, 41 संवेदनशील केंद्र और 6 अतिसंवेदनशील केंद्र हैं।

अंचल की नकल प्रकरण की स्थिति

मुरैना: 10वीं : संस्कृत के पेपर में 4 फर्जी छात्र पकड़े गए। 12वीं में भौतिकी, अर्थशास्त्र के पेपर में 3 नकलची छात्र पकड़े गए। 12वीं में अंग्रेजी के पेपर में 3 नकल प्रकरण बने। 12वीं में जीव विज्ञान में 1 नकल केस बना। 10वीं में सामाजिक विज्ञान में 1 प्रकरण बना।

भिंड: 12वीं में अंग्रेजी के पेपर में 1 नकल प्रकरण। 12वीं में भौतिकी, अर्थशास्त्र के पेपर में 1 नकल केस। 12वीं में जीव विज्ञान में 1 केस बना।

दतिया: 12वीं में अंग्रेजी के पेपर में 2 नकल केस बने।

शिवपुरी: 12वीं में अंग्रेजी के पेपर में 1 नकल केस बना। 10वीं में सामाजिक विज्ञान में 1 केस बना।

नकल करने पर केस दर्ज होने का डर, परीक्षा में सख्ती के कारण छात्र नकल ले जाने की हिम्मत नहीं कर रहे हैं, इसलिए जिले में एक भी नकल केस नहीं बना है। जहां तक छात्रों के अनुपस्थित होने की बात है तो यह प्राइवेट हो सकते हैं। अनुपस्थित छात्रों को लेकर जानकारी ली जाएगी। अजय कटियार,डीईओ