‘कांग्रेस सत्याग्रही और भाजपा सत्ताग्रही’

‘कांग्रेस सत्याग्रही और भाजपा सत्ताग्रही’

रायपुर। कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन का रविवार को तीसरा और आखिरी दिन था। इस मौके पर राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हम हैं सत्याग्रही और भाजपा सत्ताग्रही है। वे लोग सत्ता पाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान मैं देश के सभी तबके से मिला, भारत जोड़ो यात्रा से मैंने बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि मैं सोचता था कि फिट हूं, 20-25 किमी चल लूंगा, लेकिन यात्रा शुरू होते ही घुटने का पुराना दर्द लौट आया और 10-15 दिनों में मेरा अहंकार खत्म हो गया। भारत माता ने मुझे संदेश दिया कि तुम अगर कन्याकुमारी से कश्मीर तक चलने निकले हो तो दिल से अहंकार मिटाओ, वर्ना मत चलो। राहुल गांधी ने कहा कि सावरकर की विचारधारा थी कि जो आपसे ताकतवर है, उसके आगे झुक जाओ। तो क्या आप उन्हीं से लड़ोगे जो आपसे कमजोर हैं, इसे कायरता कहते हैं।

गौतम अडाणी को किया टारगेट

राहुल गांधी ने कहा कि मैंने संसद में उद्योगपति गौतम अडाणी के खिलाफ मोर्चा खोला। मैंने एक फोटो दिखाई, जिसमें मोदीजी अडाणी के साथ प्लेन में बैठे हैं। मैंने पूछा रिश्ता क्या है, तो भाजपा सरकार के सभी मंत्री अडाणी की रक्षा करने लग गए। अडाणी पर हमला करने वाला देशद्रोही और अडाणी देशभक्त बन गए। भाजपा और संघ उस व्यक्ति की रक्षा कर रहे हैं। सवाल ये है कि रक्षा क्यों कर रहे हैं। ये जो शेल कंपनियां हैं, हजारों करोड़ रुपया हिंदुस्तान भेज रही हैं, ये किसकी हैं, इसमें किसका पैसा है, जांच क्यों नहीं हो रही है, जेपीसी क्यों नहीं बन रही है।

जो लोग समझते हैं गलत हो रहा है उन्हें कांग्रेस देगी मंच

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस का काम ऐसे लोगों को मंच देना है, जो देश की राजनीति को देखकर समझ रहे हैं कि कुछ गलत हो रहा है. छत्तीसगढ़ में चल रहे पार्टी के अधिवेशन में प्रियंका गांधी ने पार्टी और विपक्ष के एकजुट होने पर जोर भी दिया। प्रियंका गांधी ने कहा, हमारे संगठन के सामने बड़ी चुनौती हैं, उस चुनौती का सामना हम कैसे करेंगे, इसी को लेकर हम इकट्ठा हुए हैं और तीन दिनों से चर्चा कर रहे हैं। मैं इससे जुड़ी कुछ बातें कहना चाहती हूं। प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के कार्यकर्ता आजीवन संघर्ष ही करते रहते हैं। पार्टी को जमीनी स्तर पर ले जाने की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, मंडल तक हमें अपना संगठन बनाना है, ब्लॉक तक बनाना है, नए लोगों को जोड़ना है, लेकिन ये प्रस्ताव कागज पर नहीं रहना चाहिए. हमें गांव-गांव, ब्लॉक-ब्लॉक जाकर अपने संगठन को मजबूत करना है। भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाया है। भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस की विचारधारा की एक लंबी लकीर खींची हैं।

विज्ञापन में मौलाना अबुल कलाम आजाद की तस्वीर नहीं होने पर विवाद, मांगी माफी

कांग्रेस ने अपने महाधिवेशन से जुड़े विज्ञापन में देश के प्रथम शिक्षा मंत्री और स्वतंत्रता सेनानी मौलाना अबुल कलाम आजाद की तस्वीर नहीं होने पर सोशल मीडिया में विवाद होने के बाद माफी मांग ली और कहा कि इसकी जिम्मेदारी तय की जा रही है। पार्टी ने अपने 85वें महाधिवेशन के संदर्भ में अखबारों में एक विज्ञापन दिया था, जिसमें महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, भीमराव आंबेडकर, सरोजिनी नायडू, सुभाष चंद्र बोस, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और पी वी नरसिंह राव की तस्वीरें थीं। दिग्गज नेताओं में मौलाना आजाद का नाम नहीं होने पर कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने आपत्ति जताई।

गांधी परिवार बिना जिम्मेदारी के सत्ता चाहता है

भारतीय जनता पार्टी ने विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस के अधिवेशन में एक के बाद एक नेता दावा करते रहे कि भारत बर्बाद हो गया है लेकिन आज दुनिया भारत की क्षमता देख रही है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, गांधी परिवार बिना जिम्मेदारी के सत्ता चाहता है, वो जिÞम्मेदारी लेंगे नहीं लेकिन सत्ता चाहिए। कहने को तो खड़गे जी अध्यक्ष है लेकिन पूरा का पूरा सत्र गांधी परिवार के इर्द-गिर्द ही चल सका। कांग्रेस का 85वां अधिवेश छत्तीसगढ़ के नया रायपुर में हो रहा है। राहुल गांधी ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि अदानी और मोदी एक ही हैं। राहुल गांधी ने अपने भाषण में ये भी कहा कि बीजेपी ने भारत को बर्बाद कर दिया है। राहुल गांधी को जवाब देते हुए संबित पात्रा ने कहा, हिंदुस्तान आज के उभरता हुआ सितारा है, आप कितनी भी नकारात्मक राजनीति का प्रयास करें लेकिन आज विश्व जानता है कि भारत की क्षमता क्या है। इसलिए आपको भारत की चिंता नहीं करनी चाहिए, आपको भारत क्या है ये और जानने का प्रयास करना चाहिए।