कोरोना : देश में एक दिन में 60 लोगों की मौत, संक्रमित भी बढ़े

कोरोना : देश में एक दिन में 60 लोगों की मौत, संक्रमित भी बढ़े

नई दिल्ली। भारत में कोरोना से गुरुवार को 60 लोगों की मौत हुई। यह आंकड़ा एक दिन पहले के आंकड़े से 21 ज्यादा है। वहीं देश में 24 घंटे में कोरोना के 3,377 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या भी 17,801 पर पहुंच गई है। विश्व की बात करें तो जर्मनी में एक दिन में दुनियाभर में सबसे ज्यादा 1.24 लाख नए केस मिले हैं। अमेरिका में 57,985 नए केस मिले हैं। उधर, एशिया में एक दिन में सबसे 57 हजार से ज्यादा केस दक्षिण कोरिया में दर्ज हुए हैं। हालात को देखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति के मेडिकल एडवाइजर डॉ. एंथनी फॉसी ने हाल ही में कहा है कि अमेरिका से महामारी अभी गई नहीं है और हमें सावधान रहना होगा। वहीं, डब्ल्यूएचओ का कहना है कि कोरोना का अगला वैरिएंट चिंता का कारण हो सकता है, इसलिए दुनिया को सतर्क रहना होगा।

दिल्ली में पैरेंट्स ने कहा - ऑनलाइन क्लास लें

दिल्ली में हुए एक सर्वे में सामने आया है कि पैरेंट्स पॉजिटिविटी रेट बढ़ने पर ऑनलाइन क्लास के पक्ष में हैं। पैरेंट्स ने कहा है कि पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी से ज्यादा होने पर स्कूल बंद होने चाहिए।

चीन की जीरो कोविड पॉलिसी फेल, ताइवान में सख्ती

बीजिंग/ ताइपे। चीन की जीरो कोविड पॉलिसी फेल होती दिख रही है तो ताइवान में जीरो कोविड पॉलिसी में ढील के बाद से बड़ी संख्या में मरीज मिलना शुरू हो गए हैं। चीन में तेजी से फैलते कोरोना के कारण 27 शहरों में लॉकडाउन लगाना पड़ गया है। लॉकडाउन के दौरान सख्ती इतनी है कि 16.5 करोड़ लोग घरों में कैद रहने के लिए मजबूर हैं। कठोर नीति के कारण लोग भूखे मरने को मजबूर हैं। वहीं, ताइवान की सरकार ने हाल ही में अपनी जीरो-कोविड पॉलिसी को हटाने का फैसला किया था, लेकिन अब यह भारी पड़ रहा है। इसके चलते ताइवान ने एक बार फिर से बड़े पैमाने पर अपनी सीमाओं को बंद कर दिया है और संक्रमण की संख्या को कम रखने के लिए महामारी के दौरान सख्त क्वारेंटाइन नियमों को लागू किया है।