मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी, कई जगहों पर चलेगी लू

मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी, कई जगहों पर चलेगी लू

भोपाल राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के प्रभाव के चलते प्रदेश में भीषण गर्मी का तेवर शुक्रवार को भी रहा। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में तेज गर्मी के चलते करीब दो दर्जन से अधिक स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है। राज्य में एक माह से गर्मी का प्रभाव बना हुआ है। अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। इसके चलते जनजीवन पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। इससे दोपहर के समय अनेक स्थानों पर वाहनों का आवागमन कम देखा गया। मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों की मानें तो गर्मी का ऐसा असर फिलहाल तीन से चार दिन रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले चौबीस घंटों के दौरान राज्य के सागर, ग्वालियर संभागों के जिलों के अलावा राजगढ़, रायसेन, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, रतलाम, नीमच, मंदसौर, नर्मदापुरम, रीवा, सतना, सीधी, उमरिया तथा छिंदवाड़ा जिले में लू चलने के आसार हैं। विभाग ने कहा कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मौसम में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। राजधानी भोपाल सहित इसके आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर से धूप के तेवर सख्त रहे, जिससे गर्मी का प्रभाव जबर्दस्त रहा। अगले चौबीस घंटों के दौरान भी यहां गर्मी के तेवर इसी तरह के बने रहने के आसार हैं।