डिकॉक और डुसेन के शतक, दक्षिण अफ्रीका की न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत

विश्व कप क्रिकेट : पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा अफ्रीका

डिकॉक और डुसेन के शतक, दक्षिण अफ्रीका की न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत

पुणे। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे क्विंटन डिकॉक और रासी वान डेर डुसेन के शतकों की मदद से विशाल स्कोर खड़ा करने वाले दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी वनडे विश्व कप में बुधवार को यहां न्यूजीलैंड को 190 रन से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल की दहलीज पर मजबूत कदम रखे। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद चार विकेट पर 357 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 35.3 ओवर में 167 रन बनाकर आउट हो गई। न्यूजीलैंड की विश्व कप में यहां दूसरी सबसे बड़ी हार है। दक्षिण अफ्रीका की यह लगातार चौथी और कुल छठी जीत है जिससे वहां सात मैच में 12 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है।

अपने पहले चार मैच जीतकर शानदार शुरुआत करने वाले न्यूजीलैंड की यह लगातार तीसरी पराजय है, जिससे उस पर सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगर मगर की डगर में फंसने का खतरा मंडराने लग गया है। कीवी टीम के सात मैच में आठ अंक हैं और वह चौथे स्थान पर खिसक गई है। डिकॉक ने 116 गेंद पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 114 रन बनाए। डुसेन ने 118 गेंद पर 133 रन बनाए जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल हैं। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 200 रन की साझेदारी की।

इनके अलावा ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजे गए डेविड मिलर ने 30 गेंद पर चार छक्कों की मदद से 53 रन की तूफानी पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी 10 ओवर में 119 रन बनाए। न्यूजीलैंड की टीम शुरू में ही बड़े लक्ष्य के दबाव में आ गई। उसके बल्लेबाजों ने भी किसी तरह से जिम्मेदारी नहीं दिखाई। उसके केवल तीन बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे, जिनमें ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 60 रन बनाए। केशव महाराज ने चार विकेट लिए।