फिल्मफेयर: गंगूबाई काठियावाड़ी, बधाई दो का रहा जलवा

फिल्मफेयर: गंगूबाई काठियावाड़ी, बधाई दो का रहा जलवा

मुंबई। फिल्मफेयर पुरस्कार में आलिया भट्ट- अभिनीत फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी एवं एलजीबीटीक्यू कॉमेडी ड्रामा बधाई दो ने शीर्ष पुरस्कार अपने नाम किए। संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित गंगूबाई काठियावाड़ी ने 68वें फिल्मफेयर पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, अग्रणी भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, सर्वश्रेष्ठ संवाद, सर्वश्रेष्ठ पोशाक (कॉस्ट्यूम), सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी, सर्वश्रेष्ठ छायांकन और सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिजाइन सहित 10 पुरस्कार अपने नाम किए। समारोह की दूसरी चर्चित फिल्म बधाई दो रही, जिसने फिल्म समीक्षकों (क्रिटिक्स) की श्रेणी में अधिकतर पुरस्कार अपने नाम किए। राजकुमार राव को अग्रणी भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और भूमि पेडनेकर को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (क्रिटिक्स) का पुरस्कार मिला। भूमि ने यह पुरस्कार तब्बू के साथ साझा किया जिन्हें भूल भुलैया 2 के लिए यह पुरस्कार दिया गया। हर्षवर्धन कुलकर्णी द्वारा निर्देशित फिल्म बधाई दो को सर्वश्रेष्ठ फिल्म (क्रिटिक्स) का पुरस्कार भी मिला।